8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रायबरेली में मंदिर से लौट रही थी 7 सहेलियां, गंगा एक्सप्रेस-वे कार ने मारी टक्कर, चार की थम गईं सांसें

Raibareli Car Accident: रायबरेली में गंगा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार ने भंडारे से प्रसाद लेकर लौट रही 7 युवतियों को रौंद दिया। हादसे में 4 की मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हैं।

2 min read
Google source verification
raibareli ganga expressway car accident

गंगा एक्सप्रेस-वे कार ने मारी टक्कर | Image Source - Patrika

Ganga Expressway Car Accident: रायबरेली जिले में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां गंगा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रही 7 युवतियों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में चार युवतियों की मौके पर और अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

भंडारे से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

यह हादसा जगतपुर थाना क्षेत्र के चूली गांव के पास हुआ। यहां हाल ही में बने एक नए मंदिर में रविवार को भंडारे का आयोजन किया गया था। चूली, कोडर और हनुमानगंज गांव की कई महिलाएं और युवतियां प्रसाद लेने पहुंची थीं। शाम करीब 7 बजे सात युवतियां पैदल अपने गांव कोडर लौट रही थीं।

लालगंज की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने मचाई तबाही

इसी दौरान गंगा एक्सप्रेस-वे पर लालगंज की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही युवतियों को रौंदते हुए निकल गई। कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि युवतियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे एक्सप्रेस-वे पर इधर-उधर जा गिरीं।

मौके पर दो की मौत, अस्पताल पहुंचने से पहले दो ने तोड़ा दम

हादसे में दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल तीन युवतियों को पहले जगतपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

मृत युवतियों की पहचान से गांव में छाया मातम

मृतकों की पहचान शालिनी (22) पुत्री जंग बहादुर, हिमांशी (23) पुत्री दल बहादुर, रश्मि (14) पुत्री रामरतन और आसमा (18) के रूप में हुई है। सभी युवतियां ग्राम पंचायत कोडर की रहने वाली थीं। जैसे ही मौत की खबर गांव पहुंची, परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। रश्मि की मां का रो-रोकर बुरा हाल था, वह कभी बेटी के चेहरे को सहलाती तो कभी जोर-जोर से दहाड़ मारकर रोने लगती।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बयां किया हादसे का मंजर

प्रत्यक्षदर्शी मनोज कुमार ने बताया कि हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चारों तरफ घायल युवतियां तड़पती नजर आईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ युवतियां सड़क से नीचे गड्ढे में जा गिरीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

ड्राइवर फरार, पुलिस ने कार जब्त की

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे बना खतरा

गौरतलब है कि गंगा एक्सप्रेस-वे अभी आम यातायात के लिए पूरी तरह से खोला नहीं गया है। इसके बावजूद आसपास के गांवों के लोग यहां बेधड़क कार और बाइक दौड़ाते हैं। पैदल चलना और दोपहिया वाहनों का संचालन यहां पूरी तरह प्रतिबंधित है, लेकिन नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।

एसपी ने हादसे की पुष्टि की

एसपी रवि कुमार ने बताया कि निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक अनियंत्रित कार ने भंडारे से लौट रही युवतियों को रौंद दिया, जिससे चार की मौत और तीन गंभीर रूप से घायल हो गईं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।