
रायबरेली में गोपाष्टमी का पर्व गौशालाओं में धूमधाम से मनाया गया, भाजपा विधायक ने गोपाष्टमी के पर्व पर बताई यह बात
रायबरेली . महराजगंज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस बार महराजगंज ब्लॉक के तीन गौशालाओं में गोपाष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। क्षेत्र के असनी गांव के अलावा नगर पंचायत महराजगंज और मऊ गर्बी की गौशाला में साफ सफाई कर विशेष रुप से गोवंश को नहला धुला कर उन्हें फूल माला पहनाकर तिलक लगाकर उनकी आरती उतार कर पूजा की गई, तथा गुड़ केले के साथ-साथ पौष्टिक आहार दिया गया । पहला कार्यक्रम असनी गांव में संपन्न हुआ। यहां मुख्य अतिथि बछरावां विधायक राम नरेश रावत ने गौशाला में विधिवत हवन पूजन करके गौ माता का पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने गुड और केले गोवंश के पशुओं को अपने हाथ से खिलाया। उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा ने भी कार्यक्रम में पूजा की।
गोपाष्टमी का पर्व गौशालाओं में धूमधाम से मनाया गया
आपको बता दें कि, अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि, हिंदू धर्म दर्शन में पांच प्रकार की माताओं का जिक्र आया है, जिनमें पहली जन्म दात्री मां, दूसरी गौ माता, तीसरी दुर्गा माता, चौथी पृथ्वी माता तथा पांचवी गंगा माता मानी गई है। इनमें गौ माता का स्थान इसलिए दूसरा है, क्योंकि हमारे यहां बच्चा मां के स्तन का दूध पान के उपरांत गौ माता के दूध का ही सेवन करता है, और गौ माता के दूध को गंगाजल के समान पवित्र माना गया है। उन्होंने उपस्थित जनों से अपील की है कि, गोवंश संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उठाए गए कदमों में अपना योगदान दें, और पशु उत्पीड़न की घटनाएं पूरी तरह से बंद हो। उन्होंने यहां के गौशाला संचालक पूर्व प्रमुख राम शंकर चौधरी की कर्मठता की जमकर तारीफ की और गौशाला प्रबंध व्यवस्था की भी सराहना की। वहीं उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा ने कहा कि, असनी गांव की गौशाला बहुत ही अच्छी है, उन्होंने सुझाव दिया कि, गौशाला के चारों तरफ छायादार वृक्षों को लगाया जाए, ताकि गर्मी के दिनों में पशुओं को पेड़ की छाया में बैठने का सुख प्राप्त हो।
Published on:
22 Nov 2020 09:15 pm
बड़ी खबरें
View Allरायबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
