
CG Job Fraud: फर्जी जॉइनिंग लेटर दिखाकर युवाओं को बनाया शिकार, नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी(photo-patrika)
CG Job Fraud: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में पुसौर पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। मामले में आरोपी विवेक उर्फ विवेक कुमार विश्वकर्मा उर्फ विवेक कुमार शर्मा, निवासी वैशाली नगर, दुर्ग को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी सितेश पाणिग्राही अभी फरार है।
मामले की शिकायत ग्राम घुघवा निवासी कुंजबिहारी पटेल (32) ने थाना पुसौर में दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि Chandrapur क्षेत्र के सितेश पाणिग्राही ने मंत्रालय में पहचान होने का दावा कर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने अपने भाई का कथित ऑनलाइन जॉइनिंग लेटर दिखाया और किस्तों में बड़ी रकम की मांग की।
सरकारी नौकरी की उम्मीद में पीड़ित ने बड़ा जोखिम उठाते हुए अपनी जमीन तक बेच दी और आरोपियों को अप्रैल 2022 में 4,58,300 रुपये के साथ बाद में 3,69,000 रुपये भी सौंप दिए। लेकिन समय बीतने के बावजूद जब नौकरी नहीं लगी, तो उसे ठगी का अहसास होने लगा। इस दौरान आरोपी लगातार बहाने बनाकर उसे टालते रहे और पैसे लौटाने के नाम पर सिर्फ आश्वासन देते रहे, जिससे पीड़ित की परेशानी और बढ़ती गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी ठगा। गांव के मुन्ना प्रसाद डनसेना से 3,77,000 रुपये और देवकुमार से 8 लाख रुपये लेकर कुल 20,04,000 रुपये की धोखाधड़ी की गई। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने पीड़ितों को दुर्ग ले जाकर विवेक कुमार से मिलवाया, जिसने चेक दिए, लेकिन वे बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए।
पुलिस ने गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्य जुटाकर जांच आगे बढ़ाई। मोबाइल लोकेशन के आधार पर टीम दुर्ग पहुंची और आरोपी विवेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी के पास से एचडीएफसी बैंक का चेक, बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने अन्य जिलों में भी इसी तरह ठगी की वारदात को अंजाम दिया है, जिसकी जांच जारी है।
पुसौर पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी सितेश पाणिग्राही की तलाश लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Published on:
26 Mar 2026 01:10 pm
बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
