11 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CG News: एमआईसी बैठक में 29 करोड़ के विकास कार्यों को मिली हरी झंडी, इस शहर का होगा बड़ा कायाकल्प

Raigarh News: महापौर जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में 29 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई, जिसमें सड़क निर्माण, नाली व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट सुधार और अधोसंरचना से जुड़े अहम प्रस्ताव शामिल हैं।

2 min read
Google source verification
रायगढ़ में 29 करोड़ के विकास कार्यों को मिली हरी झंडी (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायगढ़ में 29 करोड़ के विकास कार्यों को मिली हरी झंडी (फोटो सोर्स- पत्रिका)

CG News: नगर निगम के महापौर कक्ष में मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक हुई। महापौर जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में रायगढ़ विकास और जनहित से जुड़े सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में अधोसंरचना, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, सडक़ और नाली निर्माण सहित कई अहम विषयों पर चर्चा करते हुए 29 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों पर निर्णय लिए गए।

शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। नगर निगम क्षेत्र में स्थापित हजारों विद्युत पोल और एलईडी लाइटों के रखरखाव तथा सुधार कार्य के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की आवश्यकता को देखते हुए नए सिरे से निविदा जारी करने और 16 अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया है।

29 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी

विभिन्न वार्डों में नाली निर्माण कार्यों के स्थान परिवर्तन से जुड़े प्रस्तावों को भी स्वीकृति मिली। वार्ड क्रमांक 32, 8, 19 सहित कई क्षेत्रों में नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नालियों के निर्माण स्थलों में बदलाव किया गया। सड़क निर्माण कार्यों में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वार्ड क्रमांक 47 में सीसी सड़क निर्माण कार्य के स्थान परिवर्तन को मंजूरी दी गई।

इन कार्यों को मिली मंजूरी

शहर में जल निकासी और बाढ़ नियंत्रण के लिए 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में 17 कार्यों के लिए लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से नाली निर्माण एवं पुलिया निर्माण के 17 कार्यों के प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए आगे बढ़ाया गया। केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव तक 22 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से कैनाल लिंक रोड सड़क निर्माण के लिए जारी निविदा को भी स्वीकृत किया गया। इसके अतिरिक्त, न्यायालयीन प्रकरणों की पैरवी के लिए अधिवक्ताओं की नियुक्ति एवं उनकी समयावधि बढ़ाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

इनकी रही उपस्थिति

इस दौरान आयुक्त क्षत्रिय ने एमआईसी सदस्यों के दिए गए सुझाव को भी प्रस्ताव में शामिल करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल, पंकज कंकरवाल, अशोक यादव, पूनम सोलंकी, मुक्तिनाथ बबुआ, त्रिवेणी डहरे, अमित शर्मा, आनंद भगत सहित निगम के विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।