24 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रायगढ़ में भीषण अग्निकांड, कबाड़ गोदाम से शोरूम तक पहुंची लपटें, देखते ही देखते 43 बाइक स्वाहा

Raigarh Bike showroom fire: रायगढ़ में कबाड़ और प्लास्टिक गोदाम में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें पास स्थित बाइक शोरूम तक पहुंच गईं, जिससे वहां खड़ी 43 बाइक जलकर पूरी तरह राख हो गईं।

3 min read
Google source verification
Raigarh fire incident

रायगढ़ में भीषण अग्निकांड (फोटो सोर्स: पत्रिका)

Raigarh fire incident: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शनिवार को बड़ा अग्निकांड हो गया, जब छातामुड़ा रोड स्थित कबाड़ और प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास का हीरो बाइक शोरूम भी इसकी चपेट में आ गया, जहां 43 नई-पुरानी बाइकें जलकर राख हो गईं। आग से बचाने के लिए बाहर निकाली गई 2-3 बाइक चोरी होने की भी खबर सामने आई है। फिलहाल 11 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर लगभग काबू पा लिया गया है, लेकिन जांच अभी जारी है।

Raigarh fire incident: कबाड़-प्लास्टिक गोदाम से शुरू हुई आग

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर अचानक कबाड़ और प्लास्टिक गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और कबाड़ सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। दमकल अधिकारियों के मुताबिक, गोदाम में प्लास्टिक सामग्री होने की वजह से आग को बुझाने में काफी परेशानी हुई। ऊपर से आग बुझने के बाद भी अंदर सुलगती रही और बार-बार फिर भड़क उठी। इसी कारण दमकल कर्मियों को पूरी रात मशक्कत करनी पड़ी।

हीरो बाइक शोरूम तक पहुंचीं आग की लपटें

आग की तेज लपटें पास के हीरो बाइक शोरूम तक पहुंच गईं। आग की चपेट में आने से शोरूम में रखी करीब 43 नई और पुरानी बाइकें जलकर राख हो गईं। शोरूम का कंप्रेसर और अन्य उपकरण भी पूरी तरह नष्ट हो गए। आग बढ़ते देख शोरूम कर्मचारियों ने कई नई बाइकें बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर रख दी थीं। लेकिन अफरा-तफरी के बीच बाहर रखी गई 2 से 3 बाइक चोरी होने की जानकारी सामने आई है। इसकी शिकायत पुलिस को दे दी गई है।

माजदा और छोटा हाथी वाहन भी जले

इस अग्निकांड में गोदाम परिसर में खड़ा एक माजदा वाहन और एक छोटा हाथी वाहन भी पूरी तरह जलकर राख हो गया। नुकसान का आंकड़ा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। तेज गर्मी और आग की लपटों के कारण शोरूम की पीछे और साइड की दीवारों में दरारें आ गईं। हालांकि कर्मचारियों ने समय रहते कई गाड़ियों को बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

Raigarh fire incident: 11 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगीं

जिला कमांडेंट ब्लासियुज कुजूर ने बताया कि आग बुझाने के लिए 11 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को लगाया गया। पूरी रात राहत और बचाव कार्य चलता रहा, जिसके बाद आग पर लगभग काबू पा लिया गया। हालांकि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन गोदाम के भीतर अब भी धुआं उठ रहा है। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। जूटमिल थाना पुलिस और दमकल विभाग मिलकर मामले की जांच कर रहे हैं।

वहीं शोरूम प्रबंधन के अनुसार अब तक 43 बाइकें जलने की पुष्टि हुई है, जबकि चोरी हुई बाइकों और अन्य वाहनों को मिलाकर कुल नुकसान 46 वाहनों तक पहुंचने की आशंका है। पूरे स्टॉक का आकलन अभी जारी है।