रायगढ़. राज्य सभा सांसद व प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष फुलोदेवी नेताम संगठन के कार्य से रायगढ़ प्रवास पर पहुंचीं थी। शनिवार की सुबह करीब ११ बजे स्थानीय सर्किट हाउस में उन्होंने प्रेसवार्ता ली। प्रेसवार्ता में उनका कहना था कि ईडी व आईटी बदले की भावना से कार्य कर रही है। उनका कहना था कि जहां भी कांग्रेस की सरकार है। वहां लगातार पर छापा मारा जा रहा है, जहां कांग्रेस की सरकार नहीं है वहां यह टीम नहीं पहुंच रही है। पहले महाराष्ट्र में भी यह टीम पहुंचती थी, लेकिन अब नहीं पहुंच रही है। प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री की मांग पर उनका कहना था कि प्रदेश में भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार अच्छा काम कर रही है। आने वाला विधानसभा चुनाव भी उनके नेतृत्व में लड़ा जाएगा। वहीं कहा कि उनके नेतृत्व में ही सरकार बनेगी। वहीं एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा राम व जातिवाद के नाम पर महज राजनीति करती है। चुनाव के समय ही उन्हें राम याद आता है। इसके बाद वे भूल जाते हैं। उसके उल्ट भूपेश सरकार ने रामपथ गमन बनवाया। साथ ही माता कौशल्या का भव्य मंदिर निर्माण करवाया है।
नोट बंदी से होती है परेशानी
केंद्र सरकार द्वारा दो हजार रुपए के नोट बंद किए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर उनका कहना था कि पिछले बार हुई नोटबंदी से हर वर्ग के लोगों को काफी परेशानी हुई थी। नोट बदली करने के लिए लाइन में खड़े लोगों की मौत भी हुई। दो हजार का नोट निकाला गया था। अब उसे भी बंद किया गया है। वहीं उन्होंने कहा कि हालांकि इस बार समय दिया गया है। इससे ज्यादा तखलीफ नहीं होगी।