
रायगढ़. एक सिरफिरे और शक्की पति ने चरित्र शंका में पहले अपनी नई नवेली दुल्हन की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद भी उसका मन नहीं भरा तो आरोपी ने उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया, वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस के पास जाकर मनगढ़ंत कहानी सुनाने लगा ताकि पुलिस को यह हादसा लगे, लेकिन पीएम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा होते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं उसे रिमांड में जेल भेज दिया है। घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार औरदा निवासी नरेश कुमार खुंटे पिता छेडुलाल खुंटे २५ वर्ष ने दो महीने पहले मालखरौदा निवासी तीजमत खुंटे 23 वर्ष को चूड़ी पहना कर पत्नी बनाते हुए अपने घर लेकर आया था। 28 मार्च की रात्रि आरोपी नरेश खुंटे खरसिया थाने पहुंच कर पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले तीजमत के हाथ में चोट लगी थी, जिससे उसका सिर दर्द कर रहा था।
ऐसे में 28 मार्च की शाम तीजमत की तबीयत अधिक बिगडऩे से वह उसके लिए दवा लाने गया था। जब वह दवा लेकर घर आया तो देखा कि उसकी पत्नी बेहोश पड़ी थी, जिसकी कुछ देर बाद मौत हो गई। यह कहानी सुन पुलिस को थोड़ा अटपटा लगा, लेकिन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पुलिस सुरक्षा में रखवाते हुए दूसरे दिन पंचनामा कार्रवाई की गई। पंचनामा के दौरान पुलिस ने पाया कि मृतिका के गले में चोंट के निशान है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सख्ती से पूछताछ की तब भी उसने झूठ बोलते हुए बताया कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है, जिससे वह डर गया और पुलिस के समक्ष मनगढ़ंत कहानी सुनाने लगा।
पीएम रिपोर्ट में खुलासा
चूंकि आरोपी के घर में आरोपी और उसकी पत्नी ही रहते थे, जबकि आरोपी के माता-पिता गांव से कुछ दूर स्थित ईंट भट्टे में रहकर काम करते थे। ऐसे में पुलिस पूछताछ करे तो किससे, ऐसे में पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी। पीएम रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि तीजमत का पहले गला घोंट कर हत्या की गई है। इसके बाद उसे फांसी के फंदे पर लटकाया गया। पीएम रिपोर्ट आते ही पुलिस ने आरोपी नरेश खुंटे को धारा 302ए 201 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसे रिमांड में जेल भेज दिया गया है।
शक्की है आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी नरेश खुंटे शक्की और सिरफिरा किस्म का इंसान है। चार साल पहले उसकी शादी अड़भार निवासी एक युवती से हुई थी। जिसके चरित्र पर भी वह शक करता था। जब वह गांव स्थित तालाब नहाने जाती थी तो पेड़ पर चढ़कर अपनी पत्नी पर नजर रखता था। आरोपी के इस आदत से उसकी पहली पत्नी तंग आकर उसे २०१६ में छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उसने दो माह पहले तीजमत से शादी किया था, लेकिन यहां भी वह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी वजह से उसने तीजमत की हत्या कर दी।
-चरित्र शंका में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। पुलिस को गुमराह करने के लिए वह मनगढ़ंत कहानी सुना रहा था, लेकिन पीएम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा होने पर उसे गिरफ्तार कर रिमांड में जेल भेज दिया गया है- धर्मानंद शुक्ला, टीआई खरसिया
Published on:
03 Apr 2018 06:48 pm

बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
