
Independence Day 2021
रायगढ़. छत्तीसगढ़ में एक ऐसा भी गांव है जहां राष्ट्रीय पर्व (National Festival) के दिन हर घर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाता है।
रायगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर की दूरी पर स्थित 45-50 परिवार के गांव डोंगीपानी में 15 अगस्त (Independence Day)और 26 जनवरी (Republic Day) पर राष्ट्रीय पर्व पूरी तन्मयता के साथ मनाए जाते हैं। यहां प्रत्येक घर में झंडा फहराने की जिम्मेदारी घर की नारी शक्ति की होती है।
पिछले करीब तीन साल से यह परंपरा चल रही है। इसकी शुरुआत यहां के प्राथमिक स्कूल के शिक्षक ने की है। उनका कहना है कि राष्ट्रीय पर्व के समय बच्चे स्कूल नहीं आते थे। घरवाले भी भेजने से कतराते थे।
ऐसे में उन्होंने गांव के लोगों की बैठक की। राष्ट्रीय पर्व के महत्व को समझाया और प्रत्येक घर में पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज (National Flag) फहराने की बात कही। इसे गांव के लोगों ने भी सहर्ष स्वीकार किया।
तब से इस गांव में 26 जनवरी और 15 अगस्त सबसे बड़े त्योहार हो गए। गांव के बड़े-बुजुर्ग और बच्चे राष्ट्रीय पर्व की तैयारी एक दिन पहले ही कर लेते हैं। सुबह निर्धारित समय में घर की महिलाएं झंडा फहराती हंै।
उत्सव का रहता है माहौल
राष्ट्रीय पर्व में पूरे गांव में उत्सव का माहौल रहता है। कई लोग तो झंडा के नीचे रंगोली बनाते हैं। वहीं गांव को भी सजाया जाता है। सुबह परिवार के बड़ों के साथ बच्चे झंडा फहराने के लिए घर के बाहर आ जाते हैं। झंडा फहराने के बाद शहीदों को याद करते हुए नारे लगाते हैं।
नहीं छूटती कोई भी गली
डोंगीपानी गांव बारादावन ग्राम पंचायत का आश्रित गांव है। इस गांव में करीब 45 से 50 परिवार ही रहते हैं। सभी परिवार राष्ट्रीय पर्व को उत्साह के साथ मनाते हैं। घर के बाहर झंडा फहराने के साथ प्रत्येक लोगों के पास छोटा-छोटा झंडा भी होता है।
महिलाओं को दिया गया है जिम्मा
पिछले करीब तीन वर्षों से यह कार्य किया जा रहा है। गांव के प्रत्येक घरों की महिलाएं राष्ट्रीय पर्व के दिन राष्ट्रीय ध्वज फहराती हैं। दिन भर गांव में उत्साह रहता है।
शशि कुमार बैरागी, शिक्षक, प्राथमिक शाला डोंगीपानी
Published on:
15 Aug 2021 04:01 pm

बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
