रायगढ़. होली पर्व पर अवैध रूप से शराब की बिक्री करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से शराब की तस्करी कर जांजगीर चांपा ले जा रहा था। हालांकि पुलिस ने उसके मंसूबे नाकाम कर दिए। यह कार्रवाई जूटमिल पुलिस ने की है।
इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते सोमवार की शाम जूटमिल पुलिस से सूचना मिली कि ओडिशा के सीमावर्ता गांव के अंग्रेजी शराब दुकान से दो व्यक्ति अंग्रेजी शराब भारी मात्रा में लेकर जांजगीर चांपा जाने निकले हैं। सूचना पर पुलिस की टीम नाकेबंदी कर नजर रखी थी। इस बीच कांशीराम चौक जूटमिल के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध कार को रोका गया। उसमें बैठे युवक अपना नाम योगेश राठौर और दूसरा व्यक्ति अपना नाम हर नारायण सिंह दोनों जांगजीर के रहने वाले बताए। जूटमिल पुलिस ने शराब परिवहन के संबंध में पूछताछ कर उनके वाहन की जांच की। इस दौरान वाहन पर भारी मात्रा में शराब रखा हुआ था। आरोपियों ने बताया कि होली त्यौहार में अवैध बिक्री के लिए ओडिशा से लेकर जांजगीर जा रहे थे। ऐसे में पुलिस ने आरोपी योगेश राठौर पिता मैखुलाल राठौर उम्र 32 साल व हर नारायण सिंह पिता स्वर्गीय महेत्तर लाल उम्र 56 साल दोनों निवासी ग्राम बिरगहनी थाना जांजगीर जिला जांजगीर चांपा से अंग्रेजी शराब 24 बॉटल व कार जब्त की। आरोपियों पर थाना जूटमिल में धारा 34 (2), 59 (क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। उल्लेखनीय है कि होली त्योहार में शराब की अवैध बिक्री के लिए तस्कर भंडारण करने में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि रायगढ़ जिला ओडिशा बार्डर से लगा हुआ है। ऐसे में इस अवैध कारोबार से जुड़े लोग ओडिशा से शराब खरीदी कर अवैध रूप से भंडारण करने में जुटे हैं।