
गणित का पर्चा बिगडऩे से क्षुब्ध एक १५ वर्षीय नाबालिग ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली
रायगढ़. गणित का पर्चा बिगडऩे से क्षुब्ध एक १५ वर्षीय नाबालिग ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना से पहले उसने अपनी बड़ी बहन से कहा था कि उसका गणित का पेपर बिगड़ गया है। परीक्षा देकर घर आने के बाद से ही वह तनावपूर्ण दिखाई दे रही थी। आखिरकार उसने मौत को गले लगा लिया। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घरघोड़ा थाना क्षेत्र के झरियापाली निवासी १५ वर्षीय नाबालिग अपनी मां व बड़ी बहन के साथ रहती थी। वह देवगढ़ हाई स्कूल में कक्षा ०९वीं की छात्रा थी। वहीं उसकी बड़ी बहन कक्षा १२ वीं की छात्रा है। अभी सारे स्कूलों में एक्जाम चल रहे हैं। इसी कड़ी में नाबालिग की भी परीक्षा चल रही है। २२ मार्च को उसके गणित का पर्चा था। परीक्षा देने के बाद जब वह घर लौटी तो मायुस दिखाई दे रही थी।
तब उसकी बड़ी बहन ने मायुसी का कारण पूछा तो उसने बताया कि उसके गणित का पेपर बिगड़ गया है। इससे वह उस विषय में फेल हो जाएगी। हालांकि उसकी बड़ी बहन और मां से उसे काफी सांत्वना दिया था, लेकिन धीरे-धीरे उसका तनाव बढ़ रहा था।
२३ मार्च की शाम ०४ बजे नाबालिग की मां और बड़ी बहन ने देखा कि वह अपने कमरे के म्यार में रस्सी का फंदा बनाकर झूल रही है। इसके बाद इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी गई। फिर लोगों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारा। इसके बाद शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया। पुलिस को पीडि़त परिजनों ने बताया कि नाबालिग ने पर्चा बिगडऩे के तनाव में आकर खुदकुशी की है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली
झरियापाली निवासी १५ वर्षीय नाबालिग ने २३ मार्च की शाम अपने कमरे के म्यांर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। मृतिका के परिजनों ने बताया कि घटना के एक दिन पूर्व उसका गणित का एक्जाम था। जिसमें उसका पेपर खराब बना था। जिस वजह से वह तनाव में थी। हालांकि इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। जांच की जा रही है।
अरूण नेताम, घरघोड़ा टीआई
Published on:
24 Mar 2018 08:24 pm
बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
