रायगढ़. शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय में रायगढ़ जिला प्रभारी व सांसद अभिषेक सिंह, सांसद गोमती साय व भाजपा के प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता ली। प्रेसवार्ता के दौरान ओपी चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार गोठानों में १३ सौ करोड़ खर्च करने की बात कह रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने विभिन्न मद का रुपए पंचायतों में भेजा था। इसे दबाव पूर्वक गोठान में खर्च किए गए। इसकी वजह से पंचायत में कई मूलभूत कार्य नहीं हो सके। वहीं उन्होंने कहा प्रदेश में ८८ ऐसे गोठान हैं जहां गोठान निर्माण ही नहीं हुआ और गोबर की खरीदी हो गई। इसके अलावा १९७६ ऐसे लोग हैं जो एक लाख रुपए से अधिक का गोबर बेचे हैं। उन्होंने इन लोगों के नाम सार्वजनिक किए जाने की मांग प्रदेश सरकार से की। इसी तरह सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि साढे चार साल में प्रदेश सरकार ने भ्रष्ट्राचार के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने गोठान के नाम पर किस तरह से गड़बड़ हो रही है उसका उदाहरण देते हुए कहा एक जिले में तीन हजार किलो गोबर चोरी होने, दूसरे जिले में कई हजार किलो गोबर पानी में बहने की बात कही जा रही है। वहीं रायगढ़ के संबलपुरी गोठान में चारा के अभाव रातोंरात मवेशियों को दूसरे गोठान में शिफ्ट किए जाने की बात कही।
मनमाना बनाया गोठान अध्यक्ष
सांसद गोमती साय ने प्रेसवार्ता में कहा कि नियमानुसार गोठान समिति के लिए अध्यक्ष का चयन ग्राम पंचायत की प्रक्रिया के अनुसार किया जाना चाहिए, लेकिन यहां मनमानी तरीके से कांग्रेस अपने ही परिवार के सदस्य को इसका अध्यक्ष बनाई है।