Patrika Janadesh Yatra : पत्रिका की जनादेश यात्रा का मंगलवार को अंतिम पड़ाव खरसिया विधानसभा क्षेत्र था।
रायगढ़। Patrika Janadesh Yatra : पत्रिका की जनादेश यात्रा का मंगलवार को अंतिम पड़ाव खरसिया विधानसभा क्षेत्र था। यात्रा पहले विधानसभा के सांगीतराई पहुंची। फिर दूसरे इलाकों तक भी पहुंची। इस विधानसभा क्षेत्र में भी प्रदूषण बड़ी समस्या है। फ्लाईऐश खपाने का ये प्रमुख क्षेत्र बन गया है। यहां के लोग अपने और परिवार की सेहत को लेकर चिंतित हैं। इसके अलावा जिस गति से क्षेत्र का विकास होना चाहिए, वह भी नहीं हो पाया है। कई बड़ी मांगें अभी भी जस की तस है।
घरों तक पहुंच रही फ्लाईऐश
कृष्ण कुमार सिदार का कहना था, इलाके के कई सडक़ों के किनारे फ्लाईऐश डंप है। हवा चलने पर यह उड़ते हुए लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। इससे श्वांस से जुड़ी बीमारियां होने का खतरा बढ़ गया है। ये चिंता का विषय है।
पढ़ाई के बेहतर इंतजाम हों
श्याम पटेल का कहना था कि शिक्षा के क्षेत्र में और विस्तार किए जाने की आवश्यकता है। अभी कई तकनीकी शिक्षा के लिए हमारे बच्चों को बाहर जाना पड़ता है। यहां सुविधा होने पर इसका लाभ मिलेगा।
धीरे-धीरे डेवलपमेंट हो रहा
रघुवीर सिदार का कहना था कि पत्रिका के इस अभियान से लोगों में जागरूकता आएगी। उनका कहना था कि विकास के सभी कार्य एक साथ नहीं हो पाते। धीरे-धीरे सही, लेकिन इलाके के डेवलपमेंट के लिए काम हो रहे हैं।