
दुकान सील (photo source- Patrika)
Nagar Nigam Action: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में किराया और अन्य करों की बकाया राशि नहीं चुकाने वाले दुकानदारों के खिलाफ अब सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में निगम की टीम ने कबीर चौक स्थित एक दुकान को सील कर दिया। बताया जा रहा है कि दुकान संचालक छोटू बेग पर करीब 87 हजार रुपए से अधिक का किराया बकाया था।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार बकाया राशि जमा करने के लिए दुकानदार को कई बार नोटिस भेजे गए थे, लेकिन निर्धारित समय तक भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद राजस्व विभाग ने वसूली अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर दुकान को सील कर दिया। निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में ऐसे अन्य बड़े बकायादारों की भी पहचान की जा रही है, जिन्होंने लंबे समय से कर और किराया जमा नहीं किया है। आने वाले दिनों में उनके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व वसूली को बढ़ाने के लिए नगर निगम ने एक और फैसला लिया है। अब राजस्व विभाग छुट्टी के दिनों में भी खुला रहेगा, ताकि लोग आसानी से अपने बकाया कर जमा कर सकें। नागरिक संपत्ति कर, समेकित कर, जलकर, यूजर चार्ज और दुकान किराया समेत अन्य सभी कर सातों दिन कार्यालय समय में जमा कर पाएंगे।
महापौर ने भी शहरवासियों से अपील की है कि नगर निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों में सहयोग करने के लिए सभी लोग समय पर अपने करों का भुगतान करें। उन्होंने कहा कि समय पर राजस्व मिलने से शहर के विकास कार्यों को गति मिलती है। वहीं नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने स्पष्ट किया कि शहर के विकास के लिए निगम को नियमित राजस्व की आवश्यकता होती है।
इसलिए बकायादारों को जल्द से जल्द भुगतान करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बकाया राशि जमा नहीं की गई तो निगम की ओर से सीलिंग सहित अन्य कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। फिलहाल कबीर चौक स्थित एक दुकान को सील कर दिया गया है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
Updated on:
13 Mar 2026 08:23 am
Published on:
13 Mar 2026 08:22 am
बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
