
नशे के कारोबार में शामिल दो भाई 500 नग कोरेक्स के साथ गिरफ्तार
रायगढ़. नशे के कारोबार में शामिल दो सगे भाइयों को सरिया पुलिस ने 500 नग कोरेक्स सिरप कीमती डेढ़ लाख रुपए के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं आरोपियों को रिमांड में भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ओडिशा से कोरेक्स सिरप का परिवहन कर छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए ला रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार सरिया टीआई आशी वासनिक को मुखबिर से सूचना मिली कि २५ फरवरी की रात ओडिशा से रास्ते से होकर प्रतिबंधित दवा (कोरेक्स सिरप) भारी मात्रा में छत्तीसगढ़ लाया जाएगा। सूचना मिलते ही टीआई ने अपने स्टाफ को चिन्हित स्थानों पर नाकाबंदी करने का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस की टीम ओडिशा बॉर्डर सहित अन्य स्थानों पर घेराबंदी कर आरोपियों के आने का इंतजार करने लगी। रात करीब ११ बजे पुलिस को ग्राम रिसोड़ा ओडिशा बरमकेला मुख्य मार्ग पर बाइक से दो आरोपी आते दिखे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें रुकवाया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजय पिता ठंडा राम शाह (34) व विजय पिता ठंडा राम शाह (30) निवासी ग्राम कंठीपाली सरिया बताया। साथ ही पुलिस को बताया कि दोनों सगे भाई हैं। आरोपियों की जांच-पड़ताल व तलाशी के दौरान पुलिस को उनके पास से 500 नग प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप मिला। जिसकी कीमत एक लाख ५० हहार रुपए बताई जा रही है। ऐसे में पुलिस ने आरोपियों से कोरेक्स व बाइक को जब्त कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड में भेज दिया गया है।
मुख्य सप्लायर की पुलिस को तलाश
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा के भठली स्थित एक गांव में रहने वाले विक्की अग्रवाल का नाम बताया है। आरोपियों ने बताया कि विक्की कोरेक्स का मुख्य डीलर और सप्लायर भी है। वह छत्तीसगढ़ और ओडिशा बॉर्डर स्थित अंबाभौना तक स्वयं कार में कोरेक्स पहुंचाने आया था। उनके पास से कोरेक्स लेकर दोनों आरोपी भाई बाइक में सरिया आ रहे थे। आरोपियों ने पुलिस को यहां तक बताया कि विक्की क्षेत्र के अन्य लोगों को भी कोरेक्स की सप्लाई करता है।
सरिया, पुसौर, बरमकेला क्षेत्र में करते थे बिक्री
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से कोरेक्स लाकर सरिया, बरमकेला व पुसौर क्षेत्र में खपाते थे। क्योंकि यहां युवओं के बीच नशे के रूप में उपयोग करने के लिए कोरेक्स की ज्यादा डिमांड है। यह तीसरी बार था जब वे प्रतिबंधित दवा लेकर आ रहे थे और पुलिस की गिरफ्त में आ गए। ज्ञात हो कि आरोपी विजय 2017 में थाना सराईपाली जिला महासमुंद के कोरेक्स मामले में जेल जा चुका है। करीब दो माह पूर्व ही जमानत पर रिहा होकर आया है। इसके बाद आरोपी फिर वही कारोबार में संलिप्त हो गया था।
तमनार में भी 47 नग कोडिन सिरप के साथ आरोपी गिरफ्तार
तमनार पुलिस ने एक भी युवक को 47 नग कोडिन सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार २५ फरवरी को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घरघोड़ा के झरिया पाली निवासी आरोपी सरीफ खान पिता करीम खान (25) बाइक में कोडिन सिरप लेकर बिक्री करने के लिए घरघोड़ा की ओर से तमनार क्षेत्र में आ रहा है। इसके बाद पुलिस की टीम गवाहों के साथ जरेकेला मोड़ के पास पहुंची और आरोपी के आने का इंतजार करने लगी। कुछ देर बाद पुलिस को आरोपी आते दिखा। इसके बाद पुलिस ने उसे रूकवा कर बाइक पीछे में रखे बोरी की जांच की तो उसमें 47 नग कोडिन सिरप मिला। जिसकी कीमत करीब छह हजार रुपए बताई जा रही है। ऐसे में पुलिस ने आरोपी से मादक पदार्थ जब्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। वहीं मामले की विवेचना की जा रही है।
Published on:
26 Feb 2020 08:08 pm
बड़ी खबरें
View Allरायगढ़
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
