
Chhattisgarh Employees News ( Patrika File Photo )
रायपुर@हिमांशु शर्मा। CBI Raid: शनिवार को सुबह से 7-8 बजे सीबीआई की टीम ने रायपुर स्थित डीआरएम कार्यालय में छापा मारा। जिसके बाद रेलवे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार स्पोर्ट्स कोटे में भर्ती में गड़बड़ी, नियमों की अनदेखी और दस्तावेजों में हेराफेरी को लेकर सीबीआई को सूचना मिली थीं। जिसके बाद टीम ने सूचना के आधार पर डीआरएम कार्यालय में दाबिश दी।
सूचना यह भी है कि अयोग्य अभ्यर्थियों को फायदा पहुंचाने की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है। टीम ने डीआरएम कार्यालय स्थित कार्मिक विभाग और अन्य संबधित सेल में कई अहम दस्तावेज खंगाले हैं। भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कई संदिग्धों-कर्मचारियों के रिकॉर्ड भी जब्त किए हैं।
सीबीआई से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग के न्यू पुलिस लाइन से शुक्रवार की रात करीब 11.30 राज शेखर राव को हिरासत में लिया है, जो कि वेट लिफ्टिंग के हैड कोच बताए जा रहा है। वहीं डीआरएम कार्यालय से महिला कर्मी राजलक्क्ष्मी को हिरासत में लिया है, जो कि टीटीई बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार जांच टीम बिलासपुर भी पहुंची थीं। जानकारी के अनुसार रेलवे की सेंट्रल विजिलेंस टीम (केंद्रीय सतर्कता टीम) भी जांच कर रही है।
सीबीआई ने नौकरी लगाने के नाम पर 8 लाख रुपए की रिश्वत लेने वाले दो रेलवे कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। साथ ही तलाशी में 5 लाख रुपए बरामद किया। प्राथमिक जांच में रिश्वत लेने की पुष्टि होने पर दोनों को सीबीआई के विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश कर 19 तक पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है।
सीबीआई को सूचना मिली थी कि रेलवे में स्पोर्टस कोटे में लिपिक की नौकरी लगाने के लिए एक महिला अभ्यर्थी से सौदा हुआ था। शिकायत पर सीबीआई ने रायपुर स्थित डीआरएम दफ्तर में महिला टीटीई राजलक्क्ष्मी और दुर्ग में न्यू पुलिस लाइन से जे राजशेखर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 5 लाख रुपए बरामद किया। साथ ही रायपुर के डीआरएम दफ्तर स्थित महिला टीटीई के कक्ष एवं अलमारी और दुर्ग में राजशेखर के पास फर्जी सील, मुहर और बडी़ संख्या में आवेदन पत्र बरामद किए है।
सीबीआई के लेनदेन कर खेल कोटे में नौकरी का खेल करने की शिकायत मिली थी। इसकी जांच करने के बाद रायपुर-दुर्ग में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान रायपुर के डीआरएम दफ्तर में कैश नहीं मिला। लेकिन, बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद हुए। बताया जाता है कि पूछताछ कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी भी मिली है। इसे देखते हुए उक्त लोगों को नोटिस जारी कर तलब करने की तैयारी चल रही है। जानकारी के अनुसार रेलवे में क्लर्क के पोस्ट को लेकर रिश्वत ली जा रही थीं, महिला अभियार्थी से रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है।
इस पूरे मामले के बाद रेलवे के अधिकारी किसी भी सवाल का जवाब देने से बचते नजर आए। मामले को लेकर जब पत्रिका ने डीआरएम दयानंद से फोन में संपर्क करने की कोशिस की तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं सीनियर डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी ने कहा कि इस मामले में मुझे कोई भी अधिकारिक जानकारी नहीं है, इसलिए मैं जवाब देने में असमर्थ हूं। वहीं रेलवे के स्पोर्ट्स ऑफिसर राहुल गर्ग से भी संपर्क किया तो उन्होंने जानकारी नहीं होने की बात कही।
Updated on:
17 May 2026 01:02 pm
Published on:
16 May 2026 07:48 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
