
बारिश (Photo - IANS)
रायपुर @पीलूराम साहू। Chhattisgarh Monsoon 2026: प्रदेश के 33 में किसी भी जिले में सामान्य बारिश नहीं हुई है। इसकी वजह मानसून देरी से आने के अलावा बंगाल की खाड़ी में कोई सिस्टम नहीं बनना है। कम दबाव का क्षेत्र बनने से प्रदेश में झमाझम बारिश होती है, लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हुआ है। द्रोणिका के असर से बारिश तो रही है, लेकिन यह खंडवर्षा जैसी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जब तक खाड़ी में बड़ा सिस्टम नहीं बनेगा, व्यापक बारिश नहीं होगी।
प्रदेश में मानसून ने 22 जून को दंतेवाड़ा में दस्तक दी थी। इसके 24 घंटे बाद ही रायपुर में मानसून आ गया। 23 जून को दिन में तो बारिश नहीं हुई, लेकिन रात साढ़े 8 बजे झमाझम बारिश हुई। इसके अलावा प्रदेश में कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। इसके बाद बाद भी 1 जून से अभी तक किसी भी जिले में सामान्य पानी नहीं गिर पाया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 33 में 7 जिलों में सामान्य से कम और 26 जिलों में अति कम वर्षा हुई है।
पिछले 24 दिनों में प्रदेश में सबसे कम बारिश मोहला-मानपुर जिले में हुई है। वहां अभी तक केवल 4.5 मिमी पानी गिरा है, जो सामान्य से 95 फीसदी कम है। बिलासपुर में सामान्य से 89 फीसदी कम बारिश हुई है। वहां केवल 9.9 मिमी पानी बरसा है। दूसरी ओर रायपुर जिले में अभी तक 25.3 मिमी पानी गिरा है, जबकि 90.1 मिमी गिर जाना था। यह सामान्य से 72 फीसदी कम है। गौर करने वाली बात ये है कि इनमें मोहला-मानपुर जिला पहाड़ी व जंगली एरिया में आता है। इसके बाद भी वहां शहरी व कंक्रीट के जंगल वाले रायपुर की तुलना में काफी कम पानी गिरा है। ये चौंकाने वाली बात है।
सबसे चिंता की बात ये है कि बंगाल की खाड़ी में अब तक कोई सिस्टम नहीं बना है। मानसूनी वर्षा खाड़ी में बने सिस्टम पर ही निर्भर है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार 26 जून के आसपास सिस्टम बनने की संभावना है। हालांकि बनेगा या नहीं, यह निश्चित भी नहीं है। द्रोणिका या ऊपरी हवा के चक्रवात से उतनी बारिश नहीं हो पाती, जितनी कम दबाव के क्षेत्र वाले सिस्टम से होती है। इस बार 90 फीसदी बारिश होने की संभावना है।
Updated on:
25 Jun 2026 08:30 am
Published on:
25 Jun 2026 07:25 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
