रायपुर. शराब घोटाले सहित अन्य मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को सीएम हाउस घेराव की कोशिश की। इस बहाने पार्टी ने अपनी ताकत भी दिखाई। कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। इससे कुछ कार्यकर्ता भी घायल हुए। कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
आप के कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी के नेतृत्व में बूढ़ातालाब िस्थत धरना स्थल पर जुटे। यहां एक सभा भी हुई, जिसमें वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस-भाजपा पर हमला बोला। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे कार्यकर्ता सीएम हाउस जाने के लिए निकले। पुलिस ने उन्हें स्मार्ट सिटी के पुराने ऑफिस के पास रोक लिया। आगे बढ़ने के लिए कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़ा और वहीं आधे घंटे तक प्रदर्शन करते रहे। कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर बाद में रिहा कर दिया गया। प्रदर्शन के दौरान आनंद प्रकाश मिरी, गोपाल साहू, आकांक्षा सिंह, वदूद आलम, सूरज उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।