
कप्तान किरण का कमाल! छत्तीसगढ़ महिला फुटबॉल टीम फाइनल में पहुंचाया, अब किससे होगा मुकाबला...(photo-patrika)
KITG 2026: छत्तीसगढ़ के रायपुर में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ की महिला फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। टीम की इस सफलता में कप्तान किरण पिस्दा का अहम योगदान रहा, जिन्होंने सेमीफाइनल में हरफनमौला प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाई।
स्वामी विवेकानंद कोटा स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश को कड़े संघर्ष के बाद पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराया। निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर रहा, जिसके बाद मैच का फैसला शूटआउट से हुआ।
कप्तान किरण पिस्दा ने मैच में आक्रामक खेल दिखाते हुए 18वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। पूरे टूर्नामेंट में वह अब तक करीब 20 गोल कर चुकी हैं। मैच के निर्णायक क्षण में उन्होंने साहसिक फैसला लेते हुए गोलकीपर की जिम्मेदारी भी संभाली। नियमित गोलकीपर की जगह खुद पोस्ट पर खड़ी होकर किरण ने दो शानदार बचाव किए और एक पेनल्टी को गोल में तब्दील कर टीम को जीत दिलाई।
किरण का यह फैसला टीम के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। उनके नेतृत्व और आत्मविश्वास ने पूरी टीम को प्रेरित किया और छत्तीसगढ़ को फाइनल का टिकट दिलाया। अब फाइनल में छत्तीसगढ़ का सामना झारखंड और गुजरात के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। उल्लेखनीय है कि ग्रुप स्टेज में छत्तीसगढ़ पहले ही गुजरात को 2-1 से हरा चुका है।
वहीं, छत्तीसगढ़ की महिला हॉकी टीम भी प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। टीम अब 1 अप्रैल को मध्य प्रदेश के खिलाफ कांस्य पदक मुकाबला खेलेगी। सेमीफाइनल में ओडिशा से हार के बाद टीम अब पदक जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
मैच में शानदार जीत दर्ज करने के बाद खिलाड़ियों में उत्साह देखने लायक था और पूरी टीम ने मैदान पर जमकर जश्न मनाया। कप्तान किरण पिस्दा ने इस जीत को टीम की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा कि उनका लक्ष्य हर हाल में टीम को फाइनल तक पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ टीम के लिए नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है, जिसने खिलाड़ियों के हौसले को और मजबूत किया है।
Updated on:
31 Mar 2026 03:21 pm
Published on:
31 Mar 2026 03:21 pm
