22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छत्तीसगढ़ का रण : आधी आबादी का फैसला खोलेगा प्रत्याशियों के लिए विधानसभा का द्वार

CG Assembly election Special : इस बार के चुनाव में महिला मतदाताओं की मतदान रुचि अधिक रही तो प्रत्याशियों के भाग्य के फैसले में महिलाएं अहम भूमिका निभा सकती हैं...  

3 min read
Google source verification
cg_assembly_2023_.jpg

कमलेश रजक@बिलासपुर. विधानसभा चुनाव 2023 के लिए 4 अक्टूबर को जारी हुई अंतिम मतदाता सूची में चौकाने वाली जानकारी सामने आई है। चुनाव में इस बार 50 हजार से अधिक नए मतदाता जुड़े हैं। इनमें पुरुषों की अपेक्षा महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। सबसे अधिक मस्तूरी में नए मतदाता बढ़े हैं। यानी इस बार के चुनाव में महिला मतदाताओं की मतदान रुचि अधिक रही तो प्रत्याशियों के भाग्य के फैसले में महिलाएं अहम भूमिका निभा सकती हैं।

अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 15 लाख 13 हजार 823 है। इनमें से 710777 पुरुष और 702961 महिला मतदाता हैं। थर्ड जेंडर वोटर 85 हैं। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने जिला प्रशासन ने जिले में दो बार मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया। दूसरे मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के बाद जिले में 50 हजार 311 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल हुए हैं। नए मतदाओं में पुरुषों की संख्या 23520 है जबकि महिला मतदाता 26797 हैं।

बिलासपुर और कोटा में महिला वोटर अधिक

बिलासपुर में पुरुष मतदाता 123948 हैं महिला मतदाता 126558 है। यानी पुरुषों की अपेक्षा महिला मतदाता 2610 अधिक हैं। कोटा में पुरुष मतदाता 82166 और महिला मतदाता 82658 हैं। यहां महिला वोटर 492 अधिक हैं।

आधा दर्जन विधानसभाओं में दोनों के बीच मामूली अंतर

विधानसभा क्षेत्र - कुल पुरुष - महिला मतदाता

कोटा - 82166 - 82658

तखतपुर - 123373 - 120039

बिल्हा - 101409 - 100421

बिलासपुर - 123948 - 126558

बेलतरा - 125554 - 122625

मस्तूरी - 154327 - 150660

कुल नए मतदाता - 710777 - 702961

महासमुंद: 11602 महिला अधिक

जितेंद्र सतपथी @ महासमुंद. विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। महासमुंद जिले के चारों विधानसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी में दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियां जुट गई हैं। चारों विधानसभा क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। पुरुषों की तुलना में 11602 महिला मतदाता अधिक हैं। पुरुष 4 लाख 21 हजार 140 और महिला मतदाताओं की संख्या 4 लाख 32 हजार 742 है। बसना विस में सबसे ज्यादा महिला मतदाता हैं। मतदाता सूची पुनरीक्षण के बाद जिले में 33176 नए मतदाता पंजीकृत हुए हैं। 10462 युवा मतदाता हैं। युवा मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। कुल मिलाकर 8 लाख 53 हजार 902 मतदाता मतदान करेंगे।

चारों विधानसभा में 1079 मतदान केंद्र

विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत 1079 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सरायपाली विधानसभा में 270, बसना 286, खल्लारी 277 और महासमुंद विधानसभा में 248 मतदान केंद्र हैं। सबसे ज्यादा मतदान केंद्र बसना विधानसभा में बनाए गए हैं। जिले के चारों विधानसभा में 121 क्रिटिकल मतदान केंद्र हैं। आदर्श मतदान केंद्र 40 और 4 संगवारी मतदान केंद्र बनाए गए हैं।


मतदाताओं की संख्या

विधानसभा - पुरुष - महिला - तृतीय ***** कुल

सरायपाली - 102133 - 102306 - 0 - 204439

बसना - 110359 - 113637 - 3 - 223999

खल्लारी - 106780 - 110318 - 8 - 217106

महासमुंद - 101868 - 106481 - 9 - 208358

कुल मतदाता - 421140 - 432742 - 20 - 853902

5 साल में बढ़े 14981 महिला मतदाता

शैलेंद्र नाग @ धमतरी. जिले में पुरुष मतदाताओं से ज्यादा महिला मतदाताओं की संख्या है। अर्थात चुनाव में जो भी प्रत्याशी या पार्टी महिलाओं को साधने में सफल रहे, उसकी नैय्या पार है। बीते विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस चुनाव में 11 हजार 354 नए मतदाताओं को वोट डालने का मौका मिलेगा। बीते पांच सालों में यहां 14 हजार से ज्यादा महिला मतदाता बढ़े हैं।

तीन विधानसभा सीटों वाली धमतरी जिले में इस बार चुनाव बेहद रोचक होने की उम्मीद है। जिले में कुल 6 लाख 21 हजार 149 मतदाताओं को मतदान करने का अधिकार मिला है। जिले में पुरुष मतदाताओं के बजाय महिला मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। पुरुष मतदाता जहां 3 लाख 6 हजार 156 हैं, वहीं महिला मतदाता 3 लाख 14 हजार 983 है। इसमें सिहावा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-56 में 98 हजार 701 महिला मतदाता है। कुरूद विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-57 में 1 लाख 4 हजार 42 मतदाता तथा धमतरी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-58 में सर्वाधिक 1 लाख 12 हजार 240 महिला मतदाता हैं। इन महिला मतदाताओं को रिझाने के लिए सभी राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर पर प्रयास शुरू कर दिया है।

14 हजार से ज्यादा महिला मतदाता बढ़े

धमतरी जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बीते पांच सालों में महिला मतदाताओं की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। निर्वाचन शाखा के मुताबिक वर्ष-2018 में हुई विधानसभा चुनाव के समय महिला मतदाता 3 लाख 2 थी, जो इस बार बढ़कर 3 लाख 14 हजार 983 महिला हो गई है। इस तरह बीते पांच सालों में 14 हजार 981 महिला मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है।

महिलाओं को लुभाने झोंकी ताकत

जिले में काफी पहले से ही कांग्रेस-भाजपा समेत बसपा, आप, गोंगपा, लोसपा, शिवसेना, हमर राज पार्टी आदि राजनीतिक दलों की ओर से गांव-गांव में महिला सम्मेलन का आयोजन कर उन्हें सम्मानित भी किया जा रहा है। महिला मतदाताओं को लुभाने राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।