
कहीं मेगा रोड शो तो कही लेंगे चुनावी सभा
रायपुर। CG Election 2023 : छत्तीसगढ़ में पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। प्रत्याशियों को प्रचार-प्रसार जोरों पर है। इसके मद्देनजर कांग्रेस एवं भाजपा के बड़े नेताओं का छत्तीसगढ़ आना भी शुरू हो गया है।
कांग्रेस: राहुल गांधी आज व कल दौरे पर
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में रहकर चार चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि चुनावी सभा के दौरान राहुल गांधी नई चुनावी घोषणा कर सकते हैं।
बताया जाता है कि गांधी 28 अक्टूबर को सुबह करीब 11.30 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे भानुप्रतापपुर रवाना हो जाएंगे। वे दोपहर 1 बजे भानुप्रतापपुर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद राहुल कोंडागांव जाएंगे। यहां फरसगांव में दूसरी सभा होगी। राहुल रात्रि विश्राम रायपुर में करेंगे। 29 अक्टूबर को राहुल पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे दोपहर को कवर्धा जाएंगे और यहां चुनावी सभा होगी।
नामांकन रैली में आएंगी प्रियंका
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 30 अक्टूबर को दुर्ग जिले के पाटन विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस नामांकन रैली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शामिल होंगी। कांग्रेस शक्ति-प्रदर्शन करते हुए अपने पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास करेगी।
यह भी पढ़े : cg election 2023 3 : कांग्रेस को लगा बड़ा झटका.. गोरेलाल बर्मन JCCJ में हुए शामिल, अमित जोगी ने दिलाई सदस्यता
भाजपा: नड्डा का दो दिवसीय चुनावी दौरा, योगी भी आएंगे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज रात 8 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद 8.30 बजे से रात 10.30 बजे तक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा नेताओं की बैठक लेंगे। वे डोंगरगढ़ विधानसभा के ठेलकाडीह गांव में सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पंडरिया व मालखरौदा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
इसी तरह महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस भी 30 अक्टूबर को एक दिन के दौरे पर रायपुर आएंगे। यहां वे भाजपा के नामांकन रैली और मेगा रोड शो में शामिल होकर भाजपा प्रत्याशियाें का प्रचार करेंगे। इसके अलावा यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी छत्तीसगढ़ चुनावी दौरे पर आने वाले हैं, लेकिन अभी उनके आने की तिथि तय नहीं हुई है।
Published on:
28 Oct 2023 07:47 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
