
मंडी टैक्स में वृद्धि के विरोध में व्यापारियों ने धान की खरीदी-बिक्री की बंद
भाटापारा। राज्य शासन के द्वारा मंडी टैक्स में वृद्धि किए जाने के विरोध में सोमवार से व्यापारियों ने हड़ताल प्रारंभ कर दी है। जिसके फलस्वरूप भाटापारा कृषि उपज मंडी बंद हो गई है। टैक्स बढऩे से व्यापारी वर्ग परेशान हैं। इधर, 2 दिन से मंडी बंद होने के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए भटकना पड़ रहा है। वहीं, रोज कमाने रोज खाने वाले रेजा, कुली हमाल आदि लोगों को अपनी जीविकोपार्जन की चिंता सता रही है। हड़ताल से मंडी क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है। प्रदेश सरकार के द्वारा मंडी टैक्स में लगभग ढाई गुना वृद्धि कर दिए जाने से व्यापारियों ने मंडी में खरीदी का लगभग बहिष्कार कर दिया है। व्यापारी लगातार टैक्स कम किए जाने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए व्यापारियों का सरकार स्तर पर भी प्रयास जारी है।
पोहा, राइस व दाल मिल बंद
भाटापारा कृषि उपज मंडी से जुड़ा भाटापारा में तीन व्यवसाय प्रमुख है। जिसमें पोहा मिल, राइस मिल व दाल मिल शामिल हैं। ये तीनों व्यवसाय इन दिनों बंद हैं। राइस मिल में कस्टम मिलिंग का कार्य होना है, इसलिए राइस मिल वाले कस्टम मिलिंग की प्रक्रिया में व्यस्त है। वहीं, पोहा मिल जो पूरी तरीके से कृषि उपज मंडी के माध्यम से धान खरीदी से चलती है अभी वर्तमान में बंद है और इसी प्रकार दाल मिल भी बंद है। क्योंकि इसमें भी सरकार ने टैक्स वृद्धि कर दी है। इस प्रकार अभी तीनों व्यवसायी वर्ग हड़ताल पर हैं। भाटापारा कृषि उपज मंडी में राइस दाल व पोहा मिल के लगभग 400 व्यापारी पहुंचते हैं, जो कृषि उपज जींस की खरीदी- बिक्री करते हैं। टैक्स वृद्धि के विरोध में व्यापारियों के हड़ताल पर चले जाने से सबसे ज्यादा प्रभाव रेजा कुली व हमाल जैसे लोगों के ऊपर पड़ा है।
इस प्रकार हैं टैक्स की नई दरें
राज्य शासन ने व्यापारियों द्वारा खरीदे जा रहे धान में प्रति सैकड़ा तीन रुपए, मंडी शुल्क 2 रुपए, कृषक कल्याण शुल्क व 20 पैसे निराश्रित शुल्क निर्धारित किया है इसी तरह उन्हारी की उपज में एक रुपए मंडी शुल्क, 50 पैसा कृषक कल्याण शुल्क व 20 पैसा निराश्रित शुल्क की दर निर्धारित की है।
----
कृषि उपज मंडी का शासकीय काम चालू है। खरीदी- बिक्री व्यापारियों ने बंद कर रखी है। मंडी में खरीदी-बिक्री प्रारंभ हो, इसके लिए व्यापारियों से लगातार बातचीत की जा रही है और मंडी प्रारंभ हो इसका प्रयास किया जा रहा है।
- सुरेश कुमार चौरे, सचिव कृषि उपज मंडी समिति, भाटापारा
Published on:
08 Dec 2021 05:06 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
