
भाजपा का जोर कार्यक्रमों और गतिविधियों पर (Photo source- Patrika)
CG News: प्रदेश भाजपा संगठन फिलहाल विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों पर फोकस कर रहा है। फिलहाल संगठन में फेरबदल सहित बाकी मोर्चा-प्रकोष्ठों में नई कार्यकारिणी को लेकर स्थगित है। वहीं, संगठन में फेरबदल, निगम-मंडलों, आयोगों और परिषदों और निकायों में एल्डरमैन की नियुक्ति को लेकर कार्यकर्ताओं की निगाहें टिकी हुई हैं।
इसमें विलंब से कई दावेदार पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं में धीरे-धीरे नाराजगी बढ़ रही है। दबी जुबान से पदाधिकारी और कार्यकर्ता कहते नजर आते हैं कि संगठन का कामकाज तो बारहों माह चलता रहता है। पार्टी के कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों को हरेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शिद्दत से करते रहते हैं। संगठन को भी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने की दिशा में विलंब नहीं करना चाहिए।
बता दें कि प्रदेश भाजपा द्वारा लगातार कार्यक्रम और अभियान चलाया जा रहा है। पहले ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए। इसके बाद सुशासन त्योहार चला। अब केंद्र की मोदी सरकार के 11 साल पूर्ण होने पर गांव से लेकर शहर तक संकल्प से सिद्धि अभियान चलाया जाएगा।
इसके लिए बूथ स्तर के पदाधिकारी से लेकर प्रदेश पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, लेेकिन सियासत की नजर से देखें तो हर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सत्ता के नजदीक रहने की ख्वाहिश रहती है। यही कारण है कि निगम मंडलों, आयोगों और परिषद के बचे पदों पर नियुक्ति को लेकर हरेक पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं में उत्सुकता बनी हुई है।
CG News: भाजपा सूत्रों के अनुसार, चूंकि प्रदेश संगठन के पास केंद्र से एक के बाद एक कार्यक्रम आ गया है। इसलिए निगम मंडलों, आयोगों के बचे पदों पर नियुक्ति नहीं हो पाई। साथ ही संगठन में फेरबदल भी रूक गया है। संकल्प से सिद्धि अभियान भी 21 जून तक चलेगा। इसके बाद कार्यकर्ताओं को संगठन और निगम-मंडल, आयोगों और परिषदों के बचे पदों पर नियुक्ति की जा सकती है।
Updated on:
05 Jun 2025 11:01 am
Published on:
05 Jun 2025 11:00 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
