
शाह ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- गंदी सीडी बांटने वाले के नेतृत्व में चुनाव लड़ना चाहते हैं राहुल
भिलाई. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को महिला सम्मेलन में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। शाह ने कथित सीडी कांड को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल बाबा आप किसके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में चुनाव लडऩा चाहते हैं, क्या उनके जिसने गंदी सीडी बांटकर छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति का अपमान किया है? यह आपको स्पष्ट करना चाहिए। आपकी पार्टी ऐसे लोगों को छाती पर तमगे की तरह चिपकाकर प्रदेश में घूम रही है।
शाह शुक्रवार को दुर्ग जिले में चरोदा के दशहरा मैदान में भाजपा के प्रदेश स्तरीय महिला कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने राज्य और केन्द्र सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का बखान किया। प्रदेशभर से जुटीं महिलाओं और पार्टी के कार्यकर्ताओं को चौथी बार भाजपा की सरकार बनाने का चुनावी मंत्र भी दिया।
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को न केवल पराजित करने की बात कही, बल्कि समूल उखाड़ फेंकने का भी आह्वान किया। उन्होंने 65 प्लस लक्ष्य को दोहराते हुए चौथी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए पार्टी को जिताने का संकल्प भी दिलाया।
रमन ने छत्तीसगढ़ को माओवाद से कराया मुक्त : शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ को माओवाद से मुक्त कराकर शांत राज्य बनाने का सबसे बड़ा काम किया है। जब माओवाद पनपता है, कानून और व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं होती, तो इसकी सबसे बड़ी कीमत हमारी माताओं और बहनों को चुकानी पड़ती है। यह कहते हुए मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं कि मुख्यमंत्री ने जोखिम लेकर माओवादियों से दो-दो हाथ किए। अब माओवादी अपनी पराजय स्वीकार कर चुके हैं। छत्तीसगढ़ को सलामत बनाकर अब हम आगे बढ़ेंगे।
ये रहे सम्मेलन में मौजूद : महिला सम्मलेन को महिला बाल विकास मंत्री रमशीला साहू, भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक, लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत, महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष पूजा विधानी, विधायक रूपकुमारी चौधरी, चंपादेवी, केराबाई मनहर, विधायक सांवलाराम डाहरे, भाजपा की दुर्ग जिलाध्यक्ष उषा टावरी, जिला पंचायत अध्यक्ष माया बेलचंदन, महापौर चंद्रकांता मांडले, दुर्ग महापौर चंद्रिका चंद्राकर मौजूद थीं।
नारी शक्ति का हमने किया सम्मान : रमन सिंह
मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नारी शक्ति का सम्मान है। यहां बेटी के जन्म से योजना की शुरुआत होती है। गरीब के घर बेटी पैदा होती है तो लाडली योजना के तहत जन्म के साथ ५ हजार रुपए बैंक अकाउंट में जमा होते हैं। हर साल 5 हजार रुपए जमा किए जाते हैं। बेटी 18 साल की हो जाती है तब तक एक लाख रुपए खाते में जमा हो जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने बोले कि हमने प्राइमरी स्कूल से लेकर कॉलेज तक में नि:शुल्क शिक्षा का प्रावधान किया है। छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है जहां बेटियों को नि:शुल्क शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना में प्रदेश की ५५ लाख महिलाओं के नाम से राशनकार्ड है।
शाह ने महामाई देवी के दरबार में टेका मत्था
धमतरी. मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को धमतरी जिले के ग्राम फरसियां स्थित विख्यात महामाई देवी मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की व प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस मौके पर मंदिर संचालन समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को पारम्परिक साफा पहनाकर स्वागत किया।
नरहरपुर में कांग्रेसी गिरफ्तार
कांकेर. नरहरपुर में शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को काला झंडा दिखाने निकले कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें बीइओ ऑफिस में अस्थायी जेल बनाकर रखा गया। मुख्यमंत्री रमन सिंह और अमित शाह के जाने के बाद गिरफ्तार कांग्रेसियों को मुचलके पर छोड़ा गया।
Published on:
06 Oct 2018 08:26 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
