
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018: बसपा ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, ये हैं उनके नाम
रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी ने शुक्रवार देर रात उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। एक दिन पहले ही बसपा ज्वॉइन करने वाली जकांछ सुप्रीमो अजीत जोगी की बहू ऋचा जोगी को अकलतरा से प्रत्याशी बनाया गया है।साथ ही पार्टी की तरफ से अजीत जोगी के चुनाव ना लड़ने की बड़ी खबर सामने आई।
छत्तीसगढ़ बसपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश बाचपेयी नवागढ़ सीट से चुनाव लड़ेंगे।12 नामों की दूसरी सूची के अनुसार जैजैपुर से केशव चंद्रा, बिलाईगढ़ से श्याम टंडन, कसडोल से रामेश्वर कैवत्र्य, सारंगढ़ से अरविंद खटकर, चंद्रपुर से गीतांजलि पटेल, कुरूद से कन्हैयालाल साहू, रायपुर पश्चिम से भोजराम गौरखेडे, पंडरिया से चैतराम राज, सरायपाली से छबिलाल रात्रे और भिलाईनगर से दीनानाथ प्रसाद को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री व जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ) के प्रमुख अजीत जोगी ने चुनाव नहीं लडऩे का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने जोगी से फोन पर बात की और उन्हें चुनाव मैदान में उतरने की बजाय गठबंधन की कमान संभालने की सलाह दी।
इसके बाद जोगी ने विजयादशमी पर शुक्रवार को कहा कि गठबंधन का स्टारप्रचारक होने की वजह से वह सभी 90 सीटों पर प्रचार करेंगे, इसलिए चुनाव नहीं लड़ेंगे। बता दें कि जोगी ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के खिलाफ राजनांदगांव से चुनाव लडऩे का ऐलान किया था। विधानसभा चुनाव के लिए जकांछ, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआइ) ने गठबंधन किया है। यह गठबंधन प्रदेश की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है।
पूर्व सीएम के बेटे व मरवाही विधायक अमित जोगी ने बताया कि पार्टी प्रमुख अजीत जोगी चुनाव नहीं लड़ेंगे।गठबंधन के स्टारप्रचारक होने के नाते वह चुनाव प्रचार पर ज्यादा ध्यान देंगे।अमित ने कहा कि अगर जोगी खुद चुनाव लड़ते हैं तो सभी 90 विधानसभा सीटों में जाकर प्रचार करना उनके लिए मुश्किल होगा।
Published on:
20 Oct 2018 09:58 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
