
छत्तीसगढ़ को मिलेगी विश्वस्तरीय रेल कनेक्टिविटी (photo source- Patrika)
CG Railway News: वरिष्ठ भाजपा नेता एवं रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंगलवार को रायपुर स्थित डीआरएम कार्यालय में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों और अन्य सांसदों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने रेलवे परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया। अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ रेलवे को उल्लेखनीय राजस्व देता है, इसलिए राज्य के यात्रियों को बेहतर, आधुनिक और समयनिष्ठ रेल सेवाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।
बैठक में उन्होंने नई ट्रेनों की शुरुआत को लेकर भी प्रस्ताव रखा। विशेष रूप से रायपुर से नई दिल्ली के बीच स्लीपर कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की मांग की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड तक पहुंचाया जाए। सांसद ने यह भी कहा कि वे स्वयं इस विषय में रेल मंत्री से चर्चा कर राज्य के हित में पहल करेंगे।
बिलासपुर–रायपुर–पुरी वंदे भारत: धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से इस मार्ग पर वंदे भारत की आवश्यकता जताई।
रायपुर–जबलपुर वंदे भारत: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच कनेक्टिविटी सुधारने हेतु।
अन्य सेवाएँ: दुर्ग-अंबिकापुर नई ट्रेन, बिलासपुर-गोवा सीधी ट्रेन, और बिलासपुर-नाथद्वारा के बीच सीधी ट्रेन चलाने के भी निर्देश दिए।
जनता की मांग को देखते हुए अग्रवाल ने निम्नलिखित ट्रेनों के विस्तार और समय परिवर्तन पर जोर दिया जिसमें विशाखापट्टनम-दुर्ग वंदे भारत के समय में परिवर्तन की मांग।
समता एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार और जम्मूतवी एक्सप्रेस को अमृतसर होकर चलाने का सुझाव दिया।
भगत की कोठी और दल्लीराजहरा-दुर्ग ट्रेन को प्रतिदिन संचालित करने के निर्देश।
मुंबई-नागपुर और नागपुर-पुणे ट्रेनों का बिलासपुर तक विस्तार करने की मांग।
भाटापारा में सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने को कहा।
रायपुर और दुर्ग स्टेशनों के 'अमृत भारत स्टेशन' योजना के तहत हो रहे विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने लेटलतीफी और ड्राइंग-डिजाइन अप्रूवल में देरी को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही: सरोना, मंदिर हसौद और WRS स्टेशनों को भविष्य के जंक्शन के रूप में विकसित किया जाएगा।
रायपुर मंडी गेट, कचना और जोरा में प्रस्तावित अंडरपास की ऊंचाई और चौड़ाई को बढ़ाने के निर्देश।
सरोना, भिलाई, हथबंद, निपनिया स्टेशन में चल रहे निर्माण कार्यों को अप्रैल से जून तक हर हाल में पूरा करने की समय सीमा तय की गई।
बस्तर अंचल की उपेक्षा पर नाराजगी जताते हुए अग्रवाल ने कहा कि रेलवे केवल लाभ का जरिया नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। उन्होंने जगदलपुर-दुर्ग रेल लाइन को पुनः शुरू करने और बस्तर में भूमि देने वाले प्रभावितों को नौकरी या रोजगार देने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
स्वास्थ्य सेवा: रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और राजनांदगांव स्टेशनों पर एम्बुलेंस सेवा और डॉक्टरों की तैनाती के निर्देश।
गढ़ कलेवा: सभी स्टेशनों पर महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से छत्तीसगढ़ी खान-पान केंद्र 'गढ़ कलेवा' खोले जाएंगे।
सुरक्षा व सुविधा: बड़े स्टेशनों पर पोस्ट ऑफिस के माध्यम से टिकट सुविधा और ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा, "रैक की कमी या व्यावसायिक घाटे का बहाना बनाकर छत्तीसगढ़ की जनता को सुविधाओं से वंचित नहीं किया जा सकता। रेलवे सभी प्रस्ताव बोर्ड को भेजे, जरूरत पड़ने पर मैं स्वयं रेल मंत्री जी से बात कर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करवाऊंगा।" बैठक में सांसद भोजराज नाग जी, सांसद महेश कश्यप जी, सांसद रूपकुमारी चौधरी जी समेत प्रतिनिधि DRM तरुण प्रकाश जी और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Published on:
17 Feb 2026 06:49 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
