
CGPSC Prelims 2025: 22 फरवरी को प्रदेश के सभी 33 जिलों में होगी परीक्षा, 265 पदों के लिए होगी भर्ती, इन बातों का रखे ध्यान...(photo-patrika)
CGPSC Prelims 2025: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा (2025) रविवार 22 फरवरी को प्रदेश के सभी 33 जिलों में दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के माध्यम से कुल 265 पदों पर भर्ती की जानी है। प्रवेश पत्र 10 फरवरी 2026 को जारी किए जा चुके हैं।
परीक्षा की पहली पाली में सामान्य अध्ययन का प्रश्नपत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा, जबकि दूसरी पाली में एप्टीट्यूड टेस्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। पहली पाली के लिए सुबह 9:45 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2:45 बजे के बाद परीक्षा केंद्र के द्वार बंद कर दिए जाएंगे।
इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा समाप्त होने से पहले केंद्र से बाहर जाने की अनुमति केवल चिकित्सीय आपात स्थिति में दी जाएगी।
आयोग के निर्देशानुसार सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य है। प्रवेश से पूर्व मैनुअल और मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला पुलिस कर्मियों द्वारा तथा पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष पुलिस कर्मियों द्वारा की जाएगी।
परीक्षा में हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य है। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरुन या गहरे चॉकलेटी रंग के वस्त्र वर्जित रहेंगे। मोटे सोल या ऊंची हील के जूते पहनने की अनुमति नहीं होगी; केवल पतले सोल की चप्पल या स्लीपर मान्य होंगे। महिला अभ्यर्थी सलवार-कुर्ती (आधी बांह) या साड़ी (आधी बांह ब्लाउज) पहन सकेंगी। कान में आभूषण प्रतिबंधित हैं। विवाहित महिला अभ्यर्थियों को केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र पहनने की अनुमति होगी।
अभ्यर्थी केवल मूल पहचान पत्र (मतदाता पहचान पत्र/पासपोर्ट/ड्राइविंग लाइसेंस/पैन कार्ड/आधार कार्ड या ई-आधार), लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल, प्रवेश पत्र का प्रिंट आउट और काले या नीले रंग का बॉलपॉइंट पेन साथ रख सकेंगे। स्मार्ट वॉच, मैकेनिकल घड़ी, गॉगल्स, डिजिटल ग्लास या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित हैं।
परीक्षा के दौरान अनुशासनहीनता या अनुचित साधनों के प्रयोग पर तत्काल निष्कासन किया जाएगा और आयोग द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय, ड्रेस कोड और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा केंद्र पहुंचे, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
Published on:
21 Feb 2026 09:58 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
