5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ADR की रिपोर्ट में पहले चरण के 15 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले, इन पर गंभीर आरोप

छत्तीसगढ़ इलेक्शन वॉच ने जारी की रिपोर्ट : चार प्रतिशत पर गंभीर अपराधों का आरोप
2 min read
Google source verification
CGNews

ADR की रिपोर्ट में पहले चरण के 15 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले, इन पर गंभीर आरोप

रायपुर. छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 12 नवम्बर को वोट डाले जाएंगे। इस बीच एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) और छत्तीसगढ़ इलेक्शन वॉच ने पहले चरण के उम्मीदवारों के शपथपत्र का विश्लेषण कर एक विस्तृत रिपोर्ट जारी की है।

छत्तीसगढ़ इलेक्शन वॉच के संयोजक गौतम बंद्योपाध्याय व उमाप्रकाश ओझा ने रविवार को बताया, पहले चरण के 18 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 190 उम्मीदवार मैदान में हैं। उनमें से 187 के शपथपत्र का एडीआर ने विश्लेषण किया है। उन्होंने बताया, इन 187 उम्मीदवारों में 15 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 8 उम्मीदवारों यानी करीब 4 प्रतिशत ने खुद पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी है। जगदलपुर विधानसभा सीट अकेली है, जहां 3 प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अधिकतर पर आंदोलनों के केस : शपथपत्र के विवरण के मुताबिक अधिकतर उम्मीदवारों पर राजनीतिक आंदोलनों के दौरान बलवा, सरकारी काम में बाधा, लोकसेवक को काम से रोके जाने से जुड़े हुए हैं। दो लोगों पर वाहन दुर्घटना का मामला है। एक पर रिश्वत और एक पर धोखा का मामला दर्ज है।

पहले चरण में देवव्रत सिंह सबसे मालदार
पहले चरण के चुनाव में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ से खैरागढ़ के उम्मीदवार देवव्रत सिंह सबसे मालदार हैं। देवव्रत ने शपथपत्र में कुल संपत्ति का मूल्य 119 करोड़ 55 रुपए से अधिक बताया है। दूसरे नंबर पर कांग्रेस से कोंडागांव प्रत्याशी मोहन मरकाम हैं। मरकाम की कुल संपत्ति का मूल्य 11 करोड़ 58 लाख रुपए है। तीसरे स्थान पर मुख्यमंत्री और राजनांदगांव से भाजपा उम्मीदवार डॉ. रमन सिंह हैं। रमन सिंह ने संपत्ति का कुल मूल्य 10 करोड़ 72 लाख रुपए बताया है।

42 उम्मीदवार करोड़पति
पहले चरण की 18 सीटों पर 187 उम्मीदवारों में 42 की संपत्ति एक करोड़ रुपए से अधिक है। भाजपा-कांग्रेस के 13-13 उम्मीदवार करोड़पति हैं। शिवसेना के 8 में से 2, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के 10 में से 4, बसपा का 8 में से 1, आम्बेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया का 10 में 1 और 66 निर्दलीयों में से 8 करोड़पति हैं।

आपराधिक पृष्ठभूमि वालों में सबसे अधिक कांग्रेसी
शपथ पत्र में आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी देने वालों में 39 प्रतिशत अर्थात 7 उम्मीदवार कांग्रेस के हैं। संतराम नेताम, रेखचंद्र जैन, विक्रम मंडावी, दीपक बैज, भुनेश्वर सिंह बघेल, चन्नी साहू और मोहन मरकाम पर विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के 3 उम्मीदवारों दीपक कुमार यादव, अमित पाण्डेय और देवव्रत सिंह ने आपराधिक मामलों की जानकारी दी है।

समाजवादी पार्टी के विमलेश दुबे और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी उम्मीदवार हेमलाल मरकाम पर भी मामले हैं। भाजपा और आम आदमी पार्टी के किसी उम्मीदवार ने आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी नहीं दी है।