
सोमा देवांगन हिरासत में (फोटो सोर्स - पत्रिका)
Soma Dewangan Arrest: महापौर मीनल चौबे के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मामले में चर्चित यूट्यूबर और इंफ्लूएंसर सोमा देवांगन को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस सोमा को हिरासत में लेकर थाने पहुंची, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई के विरोध में थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और सेंट्रल जोन के ADCP-ACP के बीच जमकर बहस और तू-तू-मैं-मैं भी हुई।
दरअसल, पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक शहर में जलभराव की स्थिति को लेकर महापौर मीनल चौबे के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए नजर आया था। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, आरोपी युवक के इस वीडियो को एंकर और इंफ्लूएंसर सोमा देवांगन ने आपत्तिजनक शब्दों को हटाए बिना अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया था। इसी मामले में पुलिस ने पहले आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद अब सोमा देवांगन पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है।
सोमा देवांगन के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने भी पुलिस से शिकायत कर गिरफ्तारी की मांग की थी। बीजेपी नेताओं ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई थी। इसके बाद पुलिस ने सोमा देवांगन को गिरफ्तार कर लिया।
सोमा देवांगन की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता सिविल लाइन थाने पहुंच गए। कांग्रेसियों ने थाने में धरना देकर पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया और गिरफ्तारी पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। सेंट्रल जोन ADCP और ACP के साथ कांग्रेस नेताओं की तू-तू-मैं-मैं का वीडियो भी सामने आया है।
Updated on:
05 Sept 2026 06:28 pm
Published on:
05 Sept 2026 06:28 pm
