
‘गोठ’ एप्प के साथ फ्री में मिलेगा रमन का मोबाइल, इंटरनेट डाटा और भी बहुत कुछ, जाने इसके फीचर्स...
चंद्रेश चौधरी @ रायपुर : संचार क्रान्ति योजना के तहत छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के 50 लाख लोगों को उच्च क्वालिटी का निःशुल्क स्मार्ट फोन बांटने के लिए समयबद्ध कार्यक्रम तैयार कर लिया गया है। यह देश में अपने किस्म की पहली योजना है, जिसमें 45 लाख महिलाओं और 5 लाख युवाओं को स्मार्ट मोबाइल फोन दिए जाएंगे। इनका वितरण दो चरणों में किया जाएगा।
गोठ एप्प के फीचर्स
संचार क्रान्ति योजना के तहत दिए जाने वाले स्मार्ट फोन में राज्य शासन द्वारा ‘गोठ’ के नाम से एक मोबाइल एप्लीकेशन भी दिया जाएगा, जिसके माध्यम से लोग केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सूचनाओं को एक क्लिक पर प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि ‘गोठ’ एप्प में महिलाओं, किसानों, बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न विषयों की उपयोगी जानकारी भी शामिल रहेगी।
इसमें खेती-किसानी, कौशल विकास, रोजगार, शिक्षा और स्व-सहायता समूहों से संबंधित योजनाओं का विवरण भी मिलेगा। इसके अलावा ‘गोठ’ एप्प में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति तथा घर-परिवार पर आधारित कार्यक्रम भी देखे जा सकेंगे। इस मोबाइल एप्प में किसानों को मौसम तथा खेती-किसानी से जुड़ी उपयोगी जानकारी भी मिल सकेगी।
प्रदेश में डिजिटल लेन-देन को भी बढ़ावा मिलेगा। महिला स्व-सहायता समूहों को इसके जरिए अपने कारोबार के विकास और विस्तार में भी आसानी होगी। इतना ही नहीं, बल्कि आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा 108, महतारी एक्सप्रेस सेवा 102 सहित राशन व्यवस्था से संबंधित टोल-फ्री हेल्पलाइन, पुलिस की हेल्पलाइन आदि का उपयोग भी जरूरतमंद लोग आसानी से कर सकेंगे।
फ्री में मिलेगा डाटा और कालिंग मिनट
योजना में सामाजिक-आर्थिक जनगणना 2011 के अंतर्गत शामिल सभी गरीब ग्रामीण परिवारों और शहरी परिवारों की महिलाओं तथा कॉलेज स्तर के विद्यार्थियों को मोबाइल स्मार्ट फोन का वितरण किया जाएगा। इसमें हर महीने एक जीबी डेटा और 100 कॉलिंग मिनट्स की निःशुल्क सुविधा मिलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक अपने निकटतम ग्राम पंचायत कार्यालय अथवा जनपद कार्यालय से सम्पर्क कर सकते हैं।
Updated on:
28 Jul 2018, 5:34 PM IST
Published on:
22 Jul 2018, 9:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.