
पिता से फोन पर कहा - अभी ड्यूटी पर जा रहा हूंं और फिर आई शहादत की खबर
बेगुसराय/रायपुर. छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान राजेश सिंह 18 मई को ही बिहार के बेगुसराय जिला स्थित अपने गांव बीहट से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुए थे। शनिवार शाम दंतेवाड़ा पहुंचे और रविवार को छुट्टी के बाद की पहली ड्यूटी पर साथियों के साथ रवाना हुए।
उससे पहले उन्होंने गांव में अपने पिता नवल किशोर सिंह से फोन पर बात की। कहा, अभी ड्यूटी पर जा रहा हूंं। पिता को संतोष हुआ कि बेटा कुशल से है। यह संतोष बहुत देर तक नहीं टिका। शाम को राजेश की पत्नी स्वीटी कुमारी के मोबाइल पर छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय से एक फोन आया। कहा गया कि उनके पति माओवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हो गए। उसके बाद से ही पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है। स्वीटी और राजेश की शादी केवल तीन वर्ष पहले हुई थी। उनके एक बेटा है।
राजेश सिंह पांच बहनों के इकलौते भाई थे। उनके पिता मजदूरी करते हैं। करीब सात वर्ष पहले वे छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में भर्ती हुए थे। पिता नवल किशोर ने बताया, राजेश की भर्ती के बाद घर की हालत ठीक होना शुरू हुई थी। अब परिवार एक बार फिर बेसहारा हो गया।
दरअसल, सीएम के दंतेवाड़ा में विकास यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जवान गश्त पर निकले थे। तभी किरंदुल के चोरनाल के पास जवानों की गाड़ी आईईडी के चपेट में आ गई। इस विस्फोट में वाहन के परखच्चे उड़ गए। आईईडी के इस जोरदार विस्फोट में 7 जवानों के शहीद हो गए । मिली जानकारी के अनुसार आईईडी ब्लास्ट के बाद वहां मौजूद नक्सली जवानों के हथियार भी लूट ले गए। जिसमें 4 इंसास और 2 एक-47 बताया जा रहा है।
Published on:
21 May 2018 12:43 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
