5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दूसरी लिस्ट में नए चेहरों पर दांव लगा सकती है कांग्रेस, इन विधायकों का कट सकता है टिकट

टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस में दूसरी पांत के नेताओं की उम्मीद जगी है। कहा जा रहा है, भाजपा की सूची में पुराने चेहरों की भरमार देखकर कांग्रेस नए चेहरों पर दांव लगा सकती है।
less than 1 minute read
Google source verification

रायपुर. विधानसभा चुनाव के लिए 78 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों की घोषणा होते ही कांग्रेस नेतृत्व सक्रिय हो गया। छानबीन समिति ने प्रदेश नेतृत्व के साथ राजनांदगांव की छह और दूसरे चरण की शेष सीटों की रणनीति बनाई। खबरों के अनुसार सोमवार को कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी हो सकती है।

इससे पहले कांग्रेस के रणनीतिकारों ने भाजपा उम्मीदवारों की सूची सामने रखकर एक-एक सीट के लिए अपनी व्यूह रचना तैयार की है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम भाजपा उम्मीदवारों की सूची घोषित होते ही कांग्रेस छानबीन समिति के अध्यक्ष और सांसद भुवनेश्वर कलिता, अश्विन कोटवार और रोहित चौधरी रायपुर के लिए निकल पड़े।

इन नेताओं ने रायपुर के हॉटल में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव और कोर कमेटी सदस्य डॉ. चरणदास महंत के साथ एक-एक सीट पर चर्चा की। इसके लिए प्रत्येक सीट पर पूर्व चुनावों के आंकड़ें, जातीय-सामाजिक समीकरणों से जुड़े तथ्य और भाजपा के प्रत्याशियों के बारे हर संभव डीटेल पहले से रख लिए गए थे।

कांग्रेस नेताओं ने एक-एक सीट पर भाजपा के उम्मीदवार और अपने दावेदारों की ताकत-कमजोरी की तुलना कर उसे नोट किया। यह बैठक भोर के चार बजे तक चलती रही। सुबह की उड़ान से छानबीन समिति के सदस्य दिल्ली रवाना हो गए।

नए चेहरों पर दांव लगा सकती है कांग्रेस
इन बैठकों को देखकर कांग्रेस में दूसरी पांत के नेताओं की उम्मीद जगी है। कहा जा रहा है, भाजपा की सूची में पुराने चेहरों की भरमार देखकर कांग्रेस नए चेहरों पर दांव लगा सकती है। कहा जा रहा है, राजनांदगांव में कांग्रेस के दो विधायकों का टिकट भी काट सकती है।