रायपुर। रायपुर नगर निगम के पूर्व सभापति संजय श्रीवास्तव ने गुरुवार को यूनीपोल घोटाले को लेकर कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हर तरफ हर जगह घोटाला करने वाली कांग्रेस सरकार के सारे नेता अभिनय करने में कलाकारों को मात दे रहे हैं। एक तरफ छत्तीसगढ़ में लगातार भ्रष्टाचार की पोल खुलते देख अपने द्वारा किए गए भ्रष्टाचार को स्वयं महापौर ने उजागर कर अधिकारियों पर ठीकरा फोड़ दिया था। लेकिन महापौर द्वारा स्वयं 27 करोड़ के आरोप लगाने के बावजूद जांच समिति में उन्हीं लोगों को लिया गया जो भ्रष्टाचार करने के लिए संदेह के घेरे में है। आज तक किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। इससे यह प्रमाणित होता है कि भ्रष्टाचार की इस लूट में सभी भागीदार हैं और नाटक कर जनता को ***** बनाने की कोशिश कर रहे हैं।