
बाबू खेमानी के घर क्राइम ब्रांच का छापा (photo source- Patrika)
Babu Khemani House Raid: छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘3 Stumps’ एप से जुड़े कथित मास्टरमाइंड पर शिकंजा कस दिया है। क्राइम ब्रांच और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी के निवास पर छापेमारी की, जिससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई में डीएसपी, टीआई समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच टीम ने घर और अन्य संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस पिछले कई घंटों से तलाशी अभियान चलाकर दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य सबूतों की गहन जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि ‘3 Stumps’ नाम का यह ऑनलाइन सट्टा एप लंबे समय से सक्रिय था और इसके जरिए बड़े स्तर पर सट्टेबाजी कराई जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार विदेशी कनेक्शन से जुड़े हो सकते हैं, जिसके चलते पुलिस की कार्रवाई और भी गंभीर हो गई है।
पुलिस को इनपुट मिला था कि बाबू खेमानी का नेटवर्क देश के बाहर तक फैला हुआ है और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टे का संचालन किया जा रहा है। इसी आधार पर छापेमारी की गई है। फिलहाल पुलिस विदेशी ट्रांजेक्शन, बैंक खातों और डिजिटल रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
तलाशी के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और अन्य डिजिटल उपकरणों को खंगाला जा रहा है। आशंका है कि इन डिवाइस में सट्टा नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण डेटा, लेन-देन और संपर्कों की जानकारी मिल सकती है, जिससे पूरे रैकेट का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में सिर्फ एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक बड़ा गिरोह सक्रिय हो सकता है। छापेमारी के दौरान मिले सबूतों के आधार पर आने वाले समय में और लोगों की गिरफ्तारी संभव है।
राजधानी में पिछले कुछ समय से ऑनलाइन सट्टा और बेटिंग एप्स का जाल तेजी से फैल रहा है। ऐसे में पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई एक बड़े संदेश के रूप में देखी जा रही है कि अवैध ऑनलाइन गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Updated on:
24 Apr 2026 05:00 pm
Published on:
24 Apr 2026 05:00 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
