रायपुर.
भाजपा की परिवर्तन में शनिवार को छत्तीसगढ़ पहुंचे गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सांवत ने राजनांदगांव में रोड शो किया। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष अरुण साव पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह भी रथ पर सवार थे। इसके पहले राजनांदगांव में हुई सभा में गोवा के मुख्यमंत्री सांवत ने कहा, भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा में उमड़ रहे जन-सागर को देखकर कांग्रेस दहशत में आ गई है और अब वो मान चुकी है कि छत्तीसगढ़ में अब वे सत्ता में नहीं आने वाले है, उन्हें लूट करने का मौका नहीं मिलने वाला है। सावंत ने कहा, भाजपा ने जब 21 प्रत्याशियों की घोषणा की तब कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा था कि 6 सितम्बर को कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। आज 16 सितम्बर है, और अब तक कांग्रेस के प्रत्याशी घोषित नहीं हुए है। यह स्पष्ट है कि कांग्रेस हार के भय से पूरी तरह कॅन्फ्यूज हो चुकी है। कांग्रेस में प्रतिदिन केवल लड़ाइयों की खबरें आ रही हैं।
कांग्रेस के घोटाले से जनता हैरान
गोवा के मुख्यमंत्री श्री सावंत ने कहा कि कांग्रेस द्वारा किए जा रहे घोटालों से पूरे देश की जनता हैरान है। केन्द्र सरकार की राज्य को पूरी मदद मिलने के बावजूद राज्य की जनता तक कांग्रेस पैसा नहीं पहुंचने देती। अब अगर केन्द्र द्वारा भेजी जा रही सहायता जनता को चाहिए तो जरूरी हो गया है कि छत्तीसगढ़ में भी डबल इंजन की सरकार लानी होगी। केन्द्र एवं प्रदेश, दोनों में भाजपा की सरकार होने से छत्तीसगढ़ तेज गति से विकास करेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आकांक्षा के अनुरूप यहाँ भी सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा। श्री सावंत ने शनिवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का विजन रखते हुए आगामी 25 वर्षों में भारत को समृद्ध करने का लक्ष्य तय किया है। श्री सावंत ने कहा कि किसानों के इस प्रदेश में केन्द्र सरकार ने कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद 74 हजार करोड़ रुपए की राशि धान की खरीदी पर दी है एवं पिछले 5 वर्षों में 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं करों की हिस्सेदारी के रूप में दी है।