रायपुर. रूस-यूक्रेन के बीच तनाव का असर बहुमूल्य धातुओं में भी देखने को मिल रहा है। वर्तमान में सोना प्रति 10 ग्राम की कीमतें 53 हजार पार हो चुकी है, वहीं चांदी की कीमतें भी प्रति किलो पक्की 66500 रुपए पर आ चुकी है। सोने की कीमतों में 2 दिनों के भीतर 1700 रुपए व चांदी की कीमतों में 1300 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरख मालू ने बताया कि रूस-यूक्रेन के बीच बढ़ती हिंसा की वजह से यह परिस्थितियां निर्मित हुई है। आने वाले दिनों भी सोने-चांदी की कीमतों में फेरबदल देखने को मिल सकता है। बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में असर देश के भीतर अन्य राज्यों में भी देखा जा रहा है। चूंकि सोने-चांदी की कीमतें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तय होती है, लिहाजा राजधानी के भीतर भी रोजाना कीमतों में परिवर्तन देखने को मिल रहा है।