24 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छत्तीसगढ़ में गर्मी का कहर जारी, तापमान 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना, 26 अप्रैल से बारिश से मिल सकती है राहत

CG Weather Update: रायपुर सहित कई इलाकों में गर्मी का असर तेज हो गया है, और मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री तक वृद्धि होने की संभावना है

2 min read
Google source verification
छत्तीसगढ़ में गर्मी का कहर जारी, तापमान 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना, 26 अप्रैल से बारिश से मिल सकती है राहत(photo-patrika)

छत्तीसगढ़ में गर्मी का कहर जारी, तापमान 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना, 26 अप्रैल से बारिश से मिल सकती है राहत(photo-patrika)

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी और अधिक तेज महसूस होगी।

CG Weather Update: मध्य क्षेत्र में लू जैसे हालात

आज से 27 अप्रैल तक प्रदेश के मध्य हिस्सों में ग्रीष्म लहर (हीटवेव) जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिन के समय बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

कुछ इलाकों में हल्की बारिश

भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई है। नानगुर में 6 सेमी, गादीरास, दरभा, जगदलपुर और सुकमा में 1-1 सेमी बारिश हुई। हालांकि इसका असर व्यापक रूप से गर्मी पर नहीं दिखा।

दुर्ग रहा सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा

गुरुवार को प्रदेश में दुर्ग सबसे अधिक गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

रायपुर में तेज गर्मी का असर

राजधानी रायपुर में आज मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को अधिक परेशानी हो सकती है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

26 अप्रैल से बारिश की संभावना

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 26 अप्रैल से प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम प्रणाली का असर

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में द्रोणिका और हवाओं के अनियमित दबाव के कारण मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में यह प्रणाली धीरे-धीरे कमजोर होकर वर्षा का कारण बन सकती है।

सावधानी जरूरी

भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है, ताकि हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचा जा सके।