
अलौकिक होकर निखर गया भगवान शिव का श्रृंगार
Sawan Somwar 2023: रायपुर। सावन के दूसरे सोमवार शिवालयों का नजारा देखते ही बनता था। लोटे में जल लिए भक्तों की लंबी कतार। सुबह से लगातार हो रही बारिश भी मानो महादेव का जलाभिषेक करने को आतुर थी। धुंआधार बारिश के बीच भीगते हुए भक्त जलाभिषेक के लिए अपनी पारी आने का इंतजार करते रहे। हर जलाभिषेक के साथ एक नारा बड़े उत्साह के साथ चहुं ओर गूंज उठता- हर हर महादेव। इसी के साथ महादेव का श्रृंगार भी और अलौकिक होता जा रहा था।
बता दें कि सावन के पहले सोमवार बारिश नहीं हुई थी। इस बार तो लगा मानो सावन की झड़ी लग गई हो। सुबह से देर शाम तक चली इस बारिश ने भक्तों के उत्साह को दोगुना कर दिया। शहर में महादेवघाट स्थित हटकेश्वर महादेव, बूढ़ापारा में बूढ़ेश्वर महादेव, सिद्धार्थ चौक के नरहरेश्वर महादेव, मठपारा के नीलकंठेश्वर महादेव और मोतीबाग के नमर्देश्वर महादेव के बाहर भक्तों का ऐसा हुजूम था कि मानो मेला लगा हो। दूर-दराज से जल लेकर आए कांवड़ियों की टोलियों का उत्साह भी देखते बनता था। इनकी सेवा के लिए शिव भक्तों द्वारा जगह-जगह स्टॉल भी लगाए गए थे। यहां इनके विश्राम करने और खाने के अलावा उपचार की व्यवस्था भी की गई थी। कुल मिलाकर सोमवार को राजधानी शिव की नगरी बन गई थी जहां सड़कों से लेकर मंदिरों तक बोल बम के जयकारों की गूंज रही।
पीपलेश्वर महादेव सेवा समिति ने श्रावण सोमवार पर किया दुग्धाभिषेक
Sawan Somwar 2023: श्रावण के दूसरे सोमवार को पीपलेश्वर महादेव सेवा समिति द्वारा नरहरेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का दुग्धाभिषेक कर उन्हें मिष्ठान अर्पित कर भक्तों में प्रसाद वितरण किया गया। समिति प्रमुख राहुल राव सहित अन्य भक्तों द्वारा मंदिर परिसर में भगवान शंकर का दूध से अभिषेक कर 12 ज्योतिर्लिंग के प्रतीकात्मक 12 किलो मिष्ठान चढ़ाकर प्रसाद वितरण किया गया। राव ने कहा कि प्रत्येक श्रावण सोमवार को शहर के अलग-अलग महादेव मंदिर में दुग्धभिषेक किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अभिषेक धानगर, सम्मेर, विकास शुक्ला, अतुल यादव, राज गयावड, आकाश पांडेय, प्रतीक साहू, शरद अग्रवाल, मुकेश यदु, मनीष, सुब्रतो हल्दर उपस्थित थे।
बूढ़ेश्वर का जलाभिषेक करने विशेष इंतजाम
Sawan Somwar 2023: बूढ़ापारा स्थित बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में भी हर सोमवार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इने सारे श्रद्धालुओं को एकसाथ मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश नहीं दिया जा सकता। बड़ी आस्था के साथ महादेव को जल चढ़ाने आए भक्तों को यूं ही लौटाया भी नहीं जा सकता। ऐसे में मंदिर ट्रस्ट ने गर्भगृ़ह के बाहर स्टील की एक प्लेट लगाकर भगवान के जनाभिषेक का विशेष इंतजाम किया गया है। इसमें डाला जाने वाला जल सीधे शिवलिंग पर अर्पित होता है।
महादेवघाट में 2 हजार भक्तों ने किया जलाभिषेक
Sawan Somwar 2023: महादेवघाट में विराजे हटकेश्वर महादेव शहर में शिव भक्तों की आस्था का बड़ा केंद्र हैं। एक अनुमान के मुताबिक सावन के दूसरे सोमवार 5 हजार से ज्यादा भक्तों ने यहां शिवलिंग के दर्शन किए। पुजारी पं. सुरेश गिरी ने बताया कि 2 हजार से ज्यादा भक्तों ने महादेव का जलाभिषेक किया। उन्होंने बताया कि कोरोनाकाल के बाद ये पहला मौका है जब सावन पर इतनी बड़ी संख्या में भक्त भगवान महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं।
Published on:
18 Jul 2023 12:07 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
