
विधायक अमर अग्रवाल की सीट खतरे में (photo source- Patrika)
Ramvichar Netam Statement: न्यायधानी बिलासपुर में आयोजित गोधन योजना के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम की एक हल्की-फुल्की टिप्पणी ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का जिक्र किया और इसी दौरान बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल का नाम लेते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि “कलेक्टर संजय अग्रवाल के आने से तो विधायक अमर अग्रवाल की कुर्सी ही खतरे में पड़ गई है।”
मंत्री की इस बात को सुनकर मंच पर बैठे नेता और अधिकारी कुछ पल के लिए एक-दूसरे की ओर देखने लगे, वहीं सभा में मौजूद लोगों के बीच हल्की मुस्कान भी दिखाई दी। मंत्री की इस चुटकी से कार्यक्रम का माहौल कुछ समय के लिए हल्का हो गया। कार्यक्रम में पशुपालकों का सम्मेलन भी आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।
मंत्री के इस बयान को कुछ लोग पिछले साल दिसंबर में हुई उस घटना से जोड़कर भी देख रहे हैं, जब आरक्षित सीट को लेकर विधायक अमर अग्रवाल ने सार्वजनिक मंच से कलेक्टर के प्रति नाराजगी जताई थी। हालांकि कृषि मंत्री ने यह टिप्पणी मजाक के रूप में कही थी, लेकिन उनके इस तंज ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा जरूर छेड़ दी।
Updated on:
15 Mar 2026 07:59 am
Published on:
15 Mar 2026 07:59 am
