28 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सीएम रमन सिंह के खिलाफ राजनांदगांव से चुनाव लड़ सकते हैं मोतीलाल वोरा

महंत ने कहा कि पार्टी ने तय किया है कि इस बार हर हाल में भाजपा को सत्ता से उतारकर कांग्रेस की सरकार बनाना है
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Deepak Sahu

•

Updated: 30 Sep 2018, 9:23 AM IST

Motolal vora raman singh

सीएम रमन सिंह के खिलाफ राजनांदगांव से चुनाव लड़ सकते हैं मोतीलाल वोरा

रायपुर/जांजगीर-चांपा. कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद मोतीलाल वोरा मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के खिलाफ राजनांदगांव से कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे। यह बात पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष चरणदास महंत ने कही है।

शारदानंद महाराज के दर्शन के लिए जांजगीर-चांपा जिले के सक्ती पहुंचे महंत ने कहा कि पार्टी ने तय किया है कि इस बार हर हाल में भाजपा को सत्ता से उतारकर कांग्रेस की सरकार बनाना है। आलाकमान ने सभी बड़े नेताओं को विधानसभा चुनाव लड़ाने का फैसला किया है।

महंत ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ाने की तैयारी चल रही है। यदि वह नहीं लड़ते हैं तो दुर्ग से सांसद ताम्रध्वज साहू को मैदान में उतारा जाएगा।

चरणदास महंत ने कहा कि उन्हें और राज्यसभा सांसद छाया वर्मा को भी चुनाव लडऩे को कहा जा रहा है। हालांकि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पी.एल. पुनिया ने फिलहाल ऐसी किसी संभावना से इनकार किया है। पुनिया ने कहा कि अभी पार्टी में मोतीलाल वोरा को चुनाव लड़ाने का ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि किसी को भी चुनाव लड़ाने का फैसला केंद्रीय चुनाव समिति ही करेगी।

एक साल राजनांदगांव सांसद रहे हैं वोरा
सत्तर के दशक से केंद्रीय राजनीति में सक्रिय मोतीलाल वोरा का मध्य भारत के प्रभावशाली नेताओं में शुमार है। दो बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और उत्तरप्रदेश के राज्यपाल रह चुके वोरा पहली बार लोकसभा के लिए 1998 में राजनांदगांव से ही निर्वाचित हुए थे। उन्होंने भाजपा के अशोक शर्मा को 52 हजार से अधिक मतों से हराया था। एक वर्ष बाद 1999 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के डॉ. रमन सिंह ने उन्हें 26 हजार 725 मतों से हरा दिया। वोरा 2002 से राज्यसभा में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

राजनांदगांव पर जोगी का भी जोर
राजनांदगांव प्रदेश की सबसे महत्त्वपूर्ण सीट है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह दो बार से यहां के विधायक हैं। पिछले चुनाव में उन्होंने कांग्रेस की अलका मुदलियार को 35 हजार से अधिक वोटों से हराया था। इस बार पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का जोर भी वहीं है। जोगी ने खुद को यहां से जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ का प्रत्याशी घोषित किया है। कांग्रेस के पास राजनांदगांव में फिलहाल कोई मजबूत दावेदार नहीं दिख रहा है।