
पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर CM भूपेश का केंद्र पर हमला, बोले- टैक्स कम करे तो 50 से 60 रुपए में मिलेगा पेट्रोल
रायपुर. पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, यूपीए सरकार के समय टैक्स नौ रुपए के आसपास था। आज टैक्स 27 से 32 रुपए तक बढ़ गया है। भाजपा व रमन सरकार ने जितना वैट तय किया था, हमने तीन साल में उसमें एक रुपए नहीं बढ़ाया है। यूपीए सरकार के समय जितना टैक्स था, उसी स्तर पर ले आएं तो पेट्रोल 50 से 60 रुपए में मिलेगा। केंद्र सरकार ने यदि टैक्स कम किया, तो राज्य सरकार के टैक्स में कमी आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, पेट्रोल-डीजल के दाम कम होना चाहिए। कांग्रेस शुरू से यह मांग कर रही है।
5 रुपए की कमी सिर्फ लॉलीपॉप
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, 5 रुपए की कमी तो लॉलीपॉप है। यूपीए की तरह टैक्स घटाएं तो हम इसका स्वागत करेंगे। मगर ये नहीं चलेगा कि 30 रुपए पहले दाम बढ़ा दें फिर 5 रुपए कम करें।
राज्य सरकार कम कर सकती है वैट, सिंहदेव ने दिए संकेत
वाणिज्यिक कर मंत्री टीएस सिंहदेव ने संकेत दिए है कि राज्य सरकार पेट्रोल-डीजल पर अपना वैट कम कर सकती है। वाणिज्यिक कर विभाग सोमवार या फिर मंगलवार तक प्रस्ताव तैयार कर लेगा, जिसे सिंहदेव मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समक्ष रखेंगे। मंत्री सिंहदेव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, जिस दिन केंद्र द्वारा उत्पाद शुल्क कम किया गया था, उसी दिन मुख्यमंत्री से मेरी बात हुई थी। मैंने कहा था मैं प्रस्ताव देता हूं। वैट कम हो सकता है, इस पर निर्णय मुख्यमंत्री द्वारा लिया जाना है। उन्होंने कहा कि अभी पेट्रोल और डीजल पर फ्लैट 25 प्रतिशत का फ्लैट रेट है। उत्पाद शुल्क कम होगा तो राज्यों का 41 प्रतिशत हिस्सा कम हो जाएगा। इसलिए केंद्र राज्यों पर दबाव बना रही हैं कि वैट को कम करो।
सरकार कर रही अध्ययन
मंत्री सिंहदेव ने बताया, विभाग पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र की दरों का अध्ययन कर रहा है। सिंहदेव के समक्ष भी तुलनात्मक विवरण प्रस्तुत किया जा चुका है। सभी पहलूओं पर अध्ययन जारी है। डीजल-पेट्रोल पर 1-2 रुपए अतिरिक्त सेस लगता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा, केंद्र ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटा दी है। केंद्र की अपील पर कई राज्यों ने वैट घटाया है, मगर राज्य सरकार ने अब तक जनता को राहत नहीं दी है। भाजपा शासित राज्यों को उलाहना देती प्रदेश सरकार अब इधर-उधर की बातें करने के बजाय अपने हिस्से का वैट घटाए।
पड़ोसी राज्यों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें
राज्य- जिला- पेट्रोल- अंतर रायपुर की तुलना में-
महाराष्ट्र- गोंदिया- 111.14- 9.26 रुपए अधिक
- भंडारा- 110.56- 8.68 रुपए अधिक
मध्यप्रदेश- बालाघाट- 110.35- 8.47 रुपए अधिक
- शहडोल- 110.16- 8.28 रुपए अधिक
- मंडला- 108.37- 6.49 रुपए अधिक
उत्तर प्रदेश- सोनभ्रद- 95.73- 6.15 रुपए कम
झारखंड- गुमला- 99.97- 1.91 रुपए कम
- सिगडेगा- 99.82- 2.06 रुपए कम
ओडिशा- नुआपाड़ा- 108.51- 6.63 रुपए अधिक
- बरगढ़- 106.78- 4.29 रुपए अधिक
तेलंगाना- भद्राद्री कोथागुडेम- 108.96- 7.08 रुपए अधिक
रायपुर में नया रेट
पेट्रोल- 101.88/रु
एक्स्ट्रा प्रीमियम- 105.26
डीजल- 93.78/रु
पुराना रेट
पेट्रोल-107.71
एक्स्ट्रा प्रीमियम-111.08
डीजल-106.35
Published on:
07 Nov 2021 10:33 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
