
खड़गे और राहुल गांधी (photo source- Patrika)
Congress Political Update: फरवरी 2023 में छत्तीसगढ़ में आयोजित कांग्रेस महाधिवेशन के बाद एक बार फिर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ मंच साझा करने की संभावना बन रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि मार्च के दूसरे सप्ताह में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत प्रस्तावित रैली में दोनों शीर्ष नेता शामिल हो सकते हैं।
मीडिया से चर्चा के दौरान दीपक बैज ने विद्युत नियामक आयोग की जनसुनवाई को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में भाजपा सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना बंद कर दी और चार बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की है। उनके मुताबिक, वर्तमान जनसुनवाई से संकेत मिलते हैं कि सरकार फिर से बिजली दर बढ़ाने की तैयारी में है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने सेस में कटौती की है।
राज्यसभा की छत्तीसगढ़ सीट को लेकर बैज ने कहा कि किसे भेजना है, इसका निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि बस्तर से सरगुजा तक कांग्रेस सक्रिय रूप से संघर्ष कर रही है और यदि उनसे राय मांगी जाएगी तो वे जरूर देंगे। सुप्रीम कोर्ट की फ्रीबीज संबंधी टिप्पणी का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार और असम में चुनाव के दौरान नकद वितरण के मामलों की जांच होनी चाहिए।
आगामी 24 फरवरी को पेश होने वाले राज्य बजट पर उन्होंने कहा कि बजट सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक दल सरकार को विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह घेरने की रणनीति बनाएगा। वहीं SIR की अंतिम सूची जारी होने के मुद्दे पर उन्होंने चुनाव आयोग के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि कई गड़बड़ियां हुई हैं और आगे आयोग की निष्पक्षता देखी जाएगी।
इसके अलावा, दीपक बैज ने संकेत दिए कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हो सकता है। इस प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड के 100 से अधिक जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। लगभग 10 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम के लिए स्थान की तलाश जारी है, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ खड़गे और राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है।
Updated on:
20 Feb 2026 01:55 pm
Published on:
20 Feb 2026 01:54 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
