सावन शुरू होते ही महिला और सामाजिक संगठनों में सेलिब्रेशन का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को सामाजिक संस्था विवेकानंद उत्कर्ष परिषद रायपुर की ओर से गांधी उद्यान में सावन सेलिब्रेट किया गया। इसमें सभी महिलाएं ग्रीन साड़ी और मेकअप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में कई रोचक गेम्स भी खेले गए। इसमें कुर्सी दौड़ और बैलून फोड़ो सबसे रोचक रहा। उद्यान में सावन सेलिब्रेट कर महिलाओं ने लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। इसमें महिलाएं हरित शृंगार में शामिल हुई और सावन क्वीन बनने की होड़ में लगी रहीं। सावन की पहली झड़ी में महिलाएं छतरी लेकर पहुंची और गाने और डांस के साथ रिमझिम बारिश को एंजॉय किया। वहीं बलून फोड़ो प्रतियोगिता में अदिति दुबे विनर बनीं और मिसेज सावन क्वीन का खिताब सुधा शर्मा को दिया गया। कार्यक्रम में नम्रता मार्टिन, सुषमा शुक्ला, सुधा शर्मा, अनिता शर्मा, दीप्ती दुबे उपस्थित थीं।