
लॉरेंस बिश्नोई पर आधारित फिल्म पर लगी रोक
Lawrence of Punjab movie not release: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की जिंदगी पर आधारित चर्चित वेब सीरीज ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। काफी समय से विवादों में घिरी इस सीरीज की रिलीज पर अब भारत सरकार ने पूरी तरह से रोक लगा दी है। अब यह सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 (Zee5) पर स्ट्रीम नहीं की जा सकेगी।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में चल रही सुनवाई के दौरान भारत सरकार की तरफ से यह स्पष्ट जानकारी दी गई। द ट्रिब्यून की खबर के अनुसार, केंद्र सरकार ने कोर्ट को बताया कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने जी5 को निर्देश जारी किए हैं कि इस सीरीज का प्रसारण न किया जाए। सरकार के इस सख्त कदम के बाद अब सीरीज के मेकर्स के लिए रास्ते लगभग बंद हो गए हैं।
बता दें, जब से ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ का ट्रेलर रिलीज हुआ था, तभी से इसे बैन करने की मांग उठने लगी थी। पंजाब पुलिस और कांग्रेस नेताओं ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई थी। विरोध करने वालों का तर्क था कि इस तरह की सीरीज से अपराधियों का महिमामंडन होता है और समाज, खासकर युवाओं पर इसका बुरा असर भी पड़ सकता है। हालांकि, शुरुआत में मेकर्स अपनी बात पर अड़े हुए थे, लेकिन सरकारी हस्तक्षेप के बाद अब उन्हें पीछे हटना पड़ा है।
सिर्फ राजनीति और पुलिस महकमे ही नहीं, बल्कि लॉरेंस बिश्नोई के परिवार ने भी इस सीरीज का विरोध किया था। लॉरेंस के चचेरे भाई रमेश बिश्नोई ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि इस सीरीज को बनाने के लिए उनके परिवार से कोई लिखित अनुमति नहीं ली गई है। रमेश बिश्नोई ने सवाल उठाया था कि बिना परिवार या सरकार की मंजूरी के ऐसी सीरीज बनाकर मेकर्स आखिर क्या साबित करना चाहते हैं?
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। हाल ही में फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था। इससे पहले बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर पर हुए हमले और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी लेने के बाद से सुरक्षा एजेंसियां लॉरेंस के नेटवर्क को लेकर काफी सख्त हैं।
फिलहाल, सरकार के इस फैसले ने उन लोगों को राहत दी है जो गैंगस्टर कल्चर को बढ़ावा देने वाली फिल्मों और सीरीज के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। सीरीज पर रोक लगने के बाद अब जी5 और इसके मेकर्स की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
Published on:
24 Apr 2026 02:02 pm
बड़ी खबरें
View AllOTT
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
