
काजोल ने नो किसिंग पॉलिसी ब्रेक करने पर तोड़ी चुप्पी
Kajol On No kissing Policy Break: बॉलीवुड की 'बबली गर्ल' कही जाने वाली काजोल पिछले 30 सालों से दर्शकों के दिलों पर राज कर रही हैं। 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' से लेकर 'कभी खुशी कभी गम' तक, काजोल ने हमेशा पर्दे पर अपनी एक खास गरिमा बनाए रखी। लेकिन साल 2023 में जब उन्होंने वेब सीरीज 'द ट्रायल - प्यार, कानून, धोखा' के जरिए ओटीटी की दुनिया में कदम रखा, तो हर कोई हैरान रह गया। वजह थी उनकी 29 साल पुरानी 'नो-किसिंग पॉलिसी' का टूटना। सीरीज में उन्होंने अपने को-स्टार जिस्शु सेनगुप्ता के साथ एक 'स्मूच' सीन दिया, जिस पर अब एक्ट्रेस ने अपनी खामोशी तोड़ी है और जो बताया उसे सुनकर भी उनके फैंस हैरान हो रहे हैं।
मशहूर इन्फ्लुएंसर लिली सिंह के पॉडकास्ट में काजोल ने खुलकर बात की। उनसे जब उनकी नो किसिंग पॉलिसी को बदलने के बारे में पूछा गया, तो वह कुछ पल के लिए ठिठक गईं। काजोल ने बेहद ईमानदारी से जवाब देते हुए कहा, "सच कहूं तो, यह पूरी तरह से उस किरदार की जरूरत थी जिसे मैं निभा रही थी। नयनिका सेनगुप्ता का वह किस महज एक शारीरिक स्पर्श नहीं था, बल्कि वह उसकी भावनाओं, उसकी चाहतों और उसके टूटे हुए भरोसे का एक हिस्सा था। यह स्क्रीनप्ले की एक ऐसी कड़ी थी जिसे अगर मैं हटा देती, तो नयनिका का किरदार अधूरा रह जाता।"
काजोल ने स्वीकार किया कि एक इंसान के तौर पर वह इस सीन को लेकर सहज नहीं थीं। उन्होंने बताया, "जब तक मैं सेट पर नहीं पहुंची थी, मैं बहुत असहज महसूस कर रही थी। थ्योरी के तौर पर स्क्रिप्ट पढ़ते वक्त तो मुझे लगा कि मैं यह कर लूंगी, लेकिन असल में शूट के वक्त मुझे डर था कि कहीं मैं 'कट' न बोल दूं या यह कह दूं कि मुझसे नहीं होगा। लेकिन आखिर में, मैंने इसे एक प्रोफेशनल चुनौती की तरह लिया और मुझे लगा कि आज मैं यह फैसला ले सकती हूं।"
अपनी बेबाकी के लिए मशहूर काजोल ने यह भी शेयर किया कि उन्होंने करियर के शुरुआती दिनों से ही अपनी शर्तों पर काम किया है। उन्होंने कहा कि वह बहुत छोटी उम्र में इंडस्ट्री में आ गई थीं, इसलिए जो उन्हें सही लगा, उन्होंने वही किया। काजोल के मुताबिक, उनके फैसले हमेशा सही नहीं रहे, लेकिन उन्होंने कभी उन पर अफसोस नहीं किया क्योंकि वह ज्यादा सोचने के बजाय अपने काम पर ध्यान देने में यकीन रखती हैं।
सुपर्ण वर्मा के निर्देशन में बनी यह सीरीज अमेरिकी शो 'द गुड वाइफ' का भारतीय रूपांतरण है। इसमें काजोल ने एक ऐसी वकील (नयनिका) का किरदार निभाया है, जो अपने पति के एक सेक्स स्कैंडल और भ्रष्टाचार के मामले में फंसने के बाद घर चलाने के लिए दोबारा कोर्ट का रुख करती है। सीरीज में अली खान और शीबा चड्ढा जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। काजोल का यह नया अवतार दर्शकों को काफी पसंद आया और इसने साबित कर दिया कि एक कलाकार के तौर पर वे आज भी खुद को ढालने के लिए तैयार हैं। फिलहाल यह शो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हो रहा है।
Updated on:
24 Apr 2026 09:14 am
Published on:
24 Apr 2026 09:14 am
