
महापौर मीनल चौबे 30 मार्च को पेश करेंगी बजट (Photo Patrika)
Raipur Nagar Nigam Budget: नगर निगम रायपुर का बजट 30 मार्च को आएगा। सुबह 11 बजे नगर निगम मुख्यालय भवन के सभागार में निगम की सामान्य सभा की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें सभापति सूर्यकान्त राठौड़ की अध्यक्षता में निर्धारित 17 एजेंडों पर चर्चा और विचार - विमर्श किया जाएगा। प्रारंभ में सामान्य सभा की विगत बैठक की कार्रवाई की पुष्टि की जाएगी। प्रश्नकाल के लिए एक घंटे की अवधि निर्धारित की गई है। इसके बाद महापौर मीनल चौबे निगम वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट पेश करेंगी और निगम बजट पर अभिभाषण होगा। 17 नियत एजेंडों में नगर विकास कार्यों, नामकरण सहित अन्य सम्मिलित प्रस्तावों पर चर्चा और विचार- विमर्श किया जाएगा।
महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल बैठक हुई। इस अवसर पर 21 निर्धारित एजेंडों पर चर्चा की गई और एजेंडावार आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में एमआईसी ने निगम के वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तावों की अनुशंसा कर नियमानुसार निगम सामान्य सभा की बैठक में चर्चा के लिए विचार रखने के निर्देश दिए। महापौर चौबे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निगम आयुक्त विश्वदीप, एमआईसी सदस्य सहित अपर आयुक्त, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, उपायुक्त, जोन कमिश्नरों, कार्यपालन अभियंता, सभी विभागों के प्रभारी अधिकारी उपिस्थत रहे।
बैठक में 84 नवीन निराश्रित पेंशन योजना और 24 नए राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना प्रकरणों को स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही शहीद मेजर यशवंत गोविंद गोरे एवं मेजर सत्य प्रदीप दत्ता की मूर्ति स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग के प्रस्ताव को रायपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न चौक रोड एवं उद्यानों के विकास व संधारण हेतु हरित रायपुर अभियान के तहत ईओआई जारी किये जाने की स्वीकृति दी गई।
नगरोत्थान योजना अंतर्गत 10 करोड की लागत से 18 प्रमुख रोड जंक्शन के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। यातायात सुगमता के लिए 28 चौक- चौराहों के चौड़ीकरण व विकास किया जाएगा। विद्याचरण शुक्ल वार्ड कमांक 51 अंतर्गत लाभांडी से छोकरा नाला तक नाला निर्माण के लिए 2 करोड़ 4 लाख 82 हजार 580 रुपए की निविदा को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा जोन 7 अंतर्गत पुलिस कमिश्नरेट उपायुक्त पश्चिम कार्यालय के संचालन हेतु स्वीकृति दे दी है। खालसा स्कूल के सामने से वर्ष 2016 में हटाए गए 69 दुकानदारों को किस्टल आर्केड के सामने की भूमि में व्यवस्थापन किए जाने का निर्णय लिया गया।
Published on:
18 Mar 2026 04:23 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
