5 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

क्या Expiry Milk पाउडर ने ली नवजात की जान? रायपुर में मौत के बाद मेडिकल स्टोर पर गंभीर आरोप, जांच शुरू

Expired Milk Powder: रायपुर में एक नवजात बच्ची की मौत के बाद मेडिकल स्टोर पर एक्सपायरी डेट का मिल्क पाउडर बेचने का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Google source verification
Chhattisgarh Breaking News

Chhattisgarh Breaking News: नवजात की जान(photo-patrika)

Chhattisgarh Breaking News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक नवजात बच्ची की मौत के बाद गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बच्ची के परिजनों ने शहर के एक मेडिकल स्टोर पर एक्सपायरी डेट का मिल्क पाउडर बेचने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Newborn Death: तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर के पास पहुंचे परिजन

जानकारी के मुताबिक, नवजात बच्ची की तबीयत अचानक खराब होने पर परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बच्ची को पिलाए जा रहे मिल्क पाउडर के डिब्बे की जांच की। इसी दौरान कथित तौर पर उसकी एक्सपायरी डेट सामने आने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने संबंधित मेडिकल स्टोर से संपर्क कर इसकी शिकायत की।

परिजनों का आरोप- एक्सपायरी मिल्क पाउडर बेचा गया

परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर से खरीदा गया मिल्क पाउडर एक्सपायरी डेट का था। उनका कहना है कि बच्ची ने उसी मिल्क पाउडर का सेवन किया, जिसके बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर मेडिकल स्टोर संचालकों ने उनके पास मौजूद मिल्क पाउडर का डिब्बा अपने कब्जे में ले लिया और जांच के लिए दूसरा डिब्बा देने की बात कही। परिजनों का दावा है कि इसके बाद भी बच्ची की हालत में सुधार नहीं हुआ और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मेकाहारा अस्पताल पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। वहीं, मृत बच्ची के परिजनों ने मौदहापारा थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

सीएमएचओ बोले- दोषी मिले तो होगी सख्त कार्रवाई

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में एक्सपायरी उत्पाद बेचने या किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी तस्वीर

अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल यह जांच का विषय है कि नवजात की मौत का वास्तविक कारण क्या था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और किसी की लापरवाही रही या नहीं। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग सभी पहलुओं की गहन जांच कर रहे हैं।