23 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सरोज पाण्डेय के सवाल पर बोले अरुण सिंह – सरकार से कार्यकर्ता और जनता दोनों खुश

भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय के संतुष्ट होने के सवाल पर अरुण सिंह ने कहा, भाजपा के सभी कार्यकर्ता संतुष्ट है और वो CM के साथ खड़े हैं

2 min read
Google source verification
Chhattisgarh BJP

सरोज पाण्डेय के सवाल पर बोले अरुण सिंह सरकार से कार्यकर्ता और जनता दोनों खुश

रायपुर . भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जो गरीब कल्याण की नीति चल रही है, उससे जनता और कार्यकर्ता दोनों खुश है। युवाओं, महिलाओं, बच्चों और किसानों के लिए प्रदेश सरकार की जो योजनाएं और उपलब्धि है, उससे जनता प्रसन्न है। प्रदेश में चौथी बार भी मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में सरकार बनेगी। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय के संतुष्ट होने के सवाल पर सिंह ने कहा, भाजपा के सभी कार्यकर्ता संतुष्ट है और वो मुख्यमंत्री के साथ खड़े हैं।

दो दिन के प्रवास पर पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बूथ से लेकर कोर गु्रप के पदाधिकारियों तक की बैठक की। कोर ग्रुप की बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, भाजपा में जिस प्रकार का लोकतंत्र, उससे मतभेद हो सकता है लेकिन मनभेद नहीं होता। मन से एक है और सभी मिलकर पुन: सरकार लाएंगे यह हम सब का संकल्प है। इससे पहले उन्होंने मोर्चा-प्रकोष्ठों और प्रदेश पदाधिकारियों की भी बैठक ली। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, संगठन मंत्री पवन साय सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

दिलाया भ्रष्टाचार मुक्त भारत का संकल्प
प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री सिंह ने सुशासन का मंत्र देते हुए कहा, सुचिता और सुशासन बहुत जरूरी है। संकल्प से सिद्धि तक कार्यक्रम में भ्रष्टाचार मुक्त भारत का संकल्प लेना है। उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों को इसकी शपथ भी दिलाई।

सरोज ने मीडिया से बनाई दूरी
कोर ग्रुप की बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव सरोज पाण्डेय भी शामिल हुई, लेकिन बैठक के बाद वे मीडिया से दूरी बनाकर रखी। उन्होंने दो टूक कहा, मैं जो भी बोलती हूं, तो मीडिया को दो माह का मसाला मिल जाता है। गौरतलब है कि कोरबा कार्यसमिति की बैठक में पाण्डेय ने कहा था कि मुख्यमंत्री कौन होगा इसका फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उनके इस बयान के बाद भाजपा की राजनीति गरमा गई थी।

28 को आएंगे नड्डा और सुदर्शन भगत
कोर ग्रुप की बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, बैठक में 31 अगस्त तक दीनदयाल उपाध्याय जनशताब्दी कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान दो केंद्रीय मंत्री भी छत्तीसगढ़ आएंगे। 28 अगस्त को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा रायपुर और केंद्रीय राज्यमंत्री सुदर्शन भगत बिलासपुर में संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।