
डाटा कलेक्शन में रायपुर स्मार्ट सिटी की तारीफ, शहरी विकास मंत्रालय ने नवाचार में किया शामिल
Chhattisgarh News: रायपुर अर्बन डाटा एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत रायपुर से जो डाटा शहरी विकास मंत्रालय को भेजा गया था, उसका उपयोग नवाचार के लिए शामिल कर लिया गया है। डाटा कलेक्शन के तहत रायपुर स्मार्ट सिटी के बारे में सरकारी, प्राइवेट हास्पिटल, ई-रिक्शा, सिटी बसें, बसों और रेल कनेक्टिविटी, सांख्यिकीय, पर्यावरण, पर्यटन के बारे में पूरी जानकारी भेजी गई थी।
रायपुर स्मार्ट सिटी कंपनी के जनसंपर्क महाप्रबंधक आशीष मिश्रा ने बताया कि देश के सभी स्मार्ट सिटी वाले शहरों से आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर शहर विकास और जन सुविधाओं से संबंधित आंकड़े मंगाए गए थे। उसमें रायपुर की सराहना हुई। मंत्रालय के संयुक्त सचिव कुणाल कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा पत्र रायपुर स्मार्ट सिटी के एमडी मयंक चतुर्वेदी को प्रेषित किया है। चंडीगढ़ में भव्य समारोह में मुख्य परिचालन अधिकारी उज्वल पोरवाल रायपुर स्मार्ट सिटी के लिए सम्मानित किया गया। रायपुर स्मार्ट सिटी ने विभिन्न विभागों से समन्वय कर संबंधित डाटा संकलन करके भेजा था।
आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव व स्मार्ट सिटी मिशन के डायरेक्टर कुणाल कुमार एवं इंडिया अर्बन डाटा एक्सचेंज प्रोग्राम के सीईओ डॉ. इंदर गोपाल ने इन आंकड़ों को नवाचारों के लिए उपयोगी पाया है।
Published on:
03 May 2023 02:24 pm
