
Murder In Raipur : विधानसभा इलाके में एक बुजुर्ग की उसके बेटे-बेटी ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मकान का टैक्स चुकाने के लिए भाई-बहन बुजुर्ग पर दबाव बना रहे थे। बुजुर्ग टैक्स जमा नहीं कर पा रहे थे। पुलिस ने आरोपी भाई-बहन को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक 70 वर्षीया कुमारी विश्वकर्मा अपने पति रामकुमार के साथ बंजरपारा सड्ढू में रहती है। उनके साथ उनकी एक बेटी रानू भी रहती है। उनके मकान के एक हिस्से में उनका बेटा सुरेश विश्वकर्मा (40) और बेटी पूजा उर्फ बबली विश्वकर्मा (35) भी रहते हैं। 16 मार्च को सुरेश और बबली का उनके पिता रामकुमार के साथ मकान के टैक्स को लेकर झगड़ा हुआ।
सुरेश और बबली बुजुर्ग पिता पर मकान का टैक्स जमा करने के लिए दबाव बना रहे थे। बुजुर्ग का कहना था कि उसके पास पैसा नहीं है और कोई काम-धाम भी नहीं है। इस कारण वह टैक्स नहीं पटा पाएगा। विवाद कुछ शांत हुआ, लेकिन 17 मार्च की रात फिर इसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद फिर मामला शांत हो गया।
सोमवार को सुबह करीब 8 बजे सुरेश और बबली ने फिर अपने पिता को पकड़ लिया और टैक्स पटाने के लिए दबाव बनाने लगे। उनके मना करने पर भाई-बहन ने उन पर हमला कर दिया। बबली ने बुजुर्ग के हाथ पकड़ लिए और सुरेश ने उनके पेट व अन्य जगह पर लात-घूंसों से बेदम पिटाई की।
इससे बुजुर्ग वहीं बेसुध होकर गिर पड़े। घटना के समय उनकी पत्नी मदद के लिए आसपास के लोगों को बुलाती रही, लेकिन बचाव करने कोई नहीं आया। बुजुर्ग का शव कुछ देर रोड पर ही पड़ा रहा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों भाई-बहन को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
Updated on:
19 Mar 2024, 8:36 AM IST
Published on:
19 Mar 2024, 8:14 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.