26 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा! रायपुर-दुर्ग समेत कई जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी, गर्म हवाओं से राहत नहीं

CG Heatwave Alert: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। रायपुर और दुर्ग समेत कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।

2 min read
Google source verification
दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा! रायपुर-दुर्ग समेत कई जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी, गर्म हवाओं से राहत नहीं..(photo-patrika)

दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा! रायपुर-दुर्ग समेत कई जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी, गर्म हवाओं से राहत नहीं..(photo-patrika)

CG Heatwave Alert: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी रायपुर, दुर्ग समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज कई जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के मध्य हिस्सों में गर्मी का असर सबसे अधिक देखा जा रहा है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोगों को घरों में रहने की सलाह दी जा रही है।

CG Heatwave Alert: राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। तापमान में इस बड़े अंतर के चलते प्रदेश में गर्मी का प्रभाव अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग स्तर पर देखने को मिला।

मौसम में जटिल सिस्टम का असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय देश के विभिन्न हिस्सों में कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, जिनमें पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास चक्रीय परिसंचरण, अंदरूनी कर्नाटक से कोमोरिन क्षेत्र तक फैली द्रोणिका तथा महाराष्ट्र क्षेत्र में बना प्रति चक्रवात शामिल है। इन सभी सिस्टमों के प्रभाव से मौसम में लगातार अस्थिरता बनी हुई है, जिससे कहीं भी गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है तो कहीं बारिश और आंधी की स्थिति बन रही है।

बस्तर में बारिश की संभावना

बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं के कारण बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ स्थानों पर वज्रपात और तेज हवाओं का भी अलर्ट है।

रायपुर में आज भी लू का असर

राजधानी रायपुर में आज भी भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

इन जिलों में यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इनमें रायपुर, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, मुंगेली, बलौदा बाजार, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी शामिल हैं। इन इलाकों में तेज गर्मी और लू चलने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विशेषज्ञों ने आम जनता से अपील की है कि तेज गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए दिन के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। विशेषकर दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच धूप अधिक तीव्र होने के कारण स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि लोग पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करते रहें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें तथा सिर और शरीर को सीधे धूप से बचाकर रखें। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है, ऐसे में सतर्कता और सावधानी ही सबसे बेहतर उपाय है।